West Bengal Elections 2026: EVM गड़बड़ी के आरोपों के बाद री-पोलिंग, शाम 6 बजे तक वोटिंग

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में EVM गड़बड़ी के आरोपों के बाद अचानक लिए गए री-पोलिंग के फैसले ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। क्या इस दोबारा वोटिंग से चुनाव परिणाम पर बड़ा असर पड़ेगा, और किन इलाकों में बदलेगा समीकरण—जानिए पूरी खबर विस्तार से

EVM गड़बड़ी के आरोपों के बाद री-पोलिंग

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

मई 2, 2026

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान सामने आई अनियमितताओं की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कुल 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। पहले जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया था कि मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर पुनर्मतदान होगा। यह कदम चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

West Bengal Elections 2026 : एग्जिट पोल को नकारा, ममता ने किया 226+ सीटों का दावा, क्या फिर होगा खेला?

रिपोर्ट के आधार पर रद्द हुआ मतदान

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के दौरान कुछ स्थानों से गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों की जांच रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव पर्यवेक्षकों द्वारा की गई। उनकी रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग ने रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपल एक्ट, 1951 के तहत इन बूथों पर हुए मतदान को अमान्य घोषित कर दिया। इसके बाद 2 मई 2026 को इन सभी केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया।

सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान

निर्धारित सभी 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। आयोग ने निर्देश दिया है कि इस पुनर्मतदान की जानकारी अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचाई जाए। इसके लिए स्थानीय स्तर पर ढोल बजाकर घोषणा करने और सभी उम्मीदवारों को लिखित सूचना देने के आदेश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में भाग ले सकें।

किन-किन बूथों पर हो रही है वोटिंग

किन-किन बूथों पर हो रही है वोटिंग
किन-किन बूथों पर हो रही है वोटिंग

मगराहाट पश्चिम क्षेत्र में उत्तर येरपुर एफपी स्कूल, नाजरा एफपी स्कूल के विभिन्न कमरे, देउला एफपी स्कूल, घोला नोयपारा गर्ल्स हाई मदरसा, एकतारा मलाया एफपी स्कूल और बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल के कई कमरों में पुनर्मतदान कराया जा रहा है। वहीं डायमंड हार्बर क्षेत्र में बागदा जूनियर हाई स्कूल, चंद्रा एफपी स्कूल, हरिदेवपुर एफपी स्कूल और रॉयनगर एफपी स्कूल के एक-एक कमरे में मतदान दोबारा हो रहा है।

विपक्ष की प्रतिक्रिया

पुनर्मतदान के फैसले पर राज्य के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मगराहाट पश्चिम में लिया गया यह निर्णय स्वागत योग्य है। उन्होंने यह भी कहा कि डायमंड हार्बर और फाल्टा क्षेत्र में और अधिक बूथों पर पुनर्मतदान होना चाहिए था। उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रिया का सम्मान करते हुए इसे एक जरूरी कदम बताया।

4 मई को आएंगे चुनाव परिणाम

इस बार पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान हुआ था, जो 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुआ। चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार कुल 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक मतदान माना जा रहा है। चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव के बाद किसी भी प्रकार की हिंसा या अशांति को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कोलकाता पुलिस ने उन सात स्थानों पर लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है, जहां मतगणना की प्रक्रिया होने वाली है। यह कदम उस समय उठाया गया जब कुछ राजनीतिक दलों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया और मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए।

West Bengal Elections 2026: ‘झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची TMC को लगी’, PM Modi ने बंगाल में की 10 बड़ी घोषणाएं

आरोपों को किया गया खारिज

तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया था कि उनके प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में बैलेट बॉक्स खोले गए। हालांकि, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया नियमों और पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही है।