West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राज्य की राजनीति में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। सभी राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार अपनी रणनीति को और आक्रामक रूप देते हुए ‘डबल इंजन’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah आज राज्य के अलग-अलग हिस्सों में विशाल जनसभाएं कर चुनावी माहौल को और गरमा देंगे। भाजपा की रणनीति के तहत प्रधानमंत्री मोदी उत्तर और मध्य बंगाल पर फोकस कर रहे हैं, जबकि अमित शाह दक्षिण बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
Rudraprayag Earthquake: उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक भूकंप का हड़कंप, रिक्टर स्केल पर 5.02 रही तीव्रता
प्रधानमंत्री मोदी का तीन जिलों में चुनावी अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के तीन महत्वपूर्ण जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व बर्धमान जिले के कटवा से होगी। इसके बाद वे मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर और फिर दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी में रैली करेंगे।
यह चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री का राज्य का तीसरा दौरा है। अपनी पिछली रैलियों की तरह इस बार भी पीएम मोदी राज्य सरकार पर हमलावर नजर आ रहे हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर औद्योगिक विकास में गिरावट, बेरोजगारी और कथित घुसपैठ जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने जनता के सामने ‘छह सूत्री गारंटी’ भी पेश की है, जिसे भाजपा राज्य में बदलाव का प्रमुख विकल्प बता रही है।
अमित शाह का जंगलमहल मिशन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में चुनावी अभियान को गति देंगे। उनका कार्यक्रम सुबह 11 बजे बांकुड़ा जिले के ओंदा से शुरू होगा। इसके बाद वे छातना में दूसरी जनसभा और दोपहर 2 बजे पुरुलिया जिले के बाघमुंडी में तीसरी रैली को संबोधित करेंगे।
जंगलमहल क्षेत्र भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अमित शाह ने इससे पहले भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया, जिसमें कई बड़े चुनावी वादे शामिल हैं।
इसमें घुसपैठ के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, और सत्ता में आने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का प्रस्ताव प्रमुख है।
भाजपा का संकल्प पत्र और बड़े चुनावी वादे
भाजपा ने अपने घोषणापत्र में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए कई बड़े वादे किए हैं। इनमें महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में हर महीने 3,000 रुपये देने का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा, पुलिस और अन्य सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण, 45 दिनों के भीतर 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने और लंबित महंगाई भत्ते (DA) का भुगतान करने का वादा भी किया गया है। पार्टी ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन, रोजगार सृजन और घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई को भी अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल किया है।
राजनीतिक समीकरण और भाजपा की रणनीति
भाजपा इस चुनाव में घुसपैठ, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। पार्टी का फोकस उत्तर और मध्य बंगाल के साथ-साथ जंगलमहल क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने पर है, ताकि सत्तारूढ़ टीएमसी के गढ़ में सेंध लगाई जा सके।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की लगातार हो रही रैलियां यह संकेत देती हैं कि भाजपा पश्चिम बंगाल को इस बार अपने सबसे अहम चुनावी मैदान के रूप में देख रही है और पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है।










