Weather Update: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी, झुलसाने वाली धूप और जानलेवा लू (Heatwave) की चपेट में है। राजधानी लखनऊ, आगरा और वाराणसी सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। आसमान से बरसती आग के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने भीषण गर्मी से बेहाल उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर दी है। 28 मई से राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा।
समय से पहले आएगा मानसून? 26 मई को केरल पहुंचने के आसार, 10 दिन में बस्तर में एंट्री संभव
कई जिलों में ‘रेड अलर्ट’ और उष्ण रातें
आज, 26 मई को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन के समय 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज जैसे जिलों में अत्यधिक भीषण लू का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
इसके साथ ही, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, अयोध्या, गोरखपुर और झांसी मंडलों में भी प्रचंड गर्मी का प्रकोप रहेगा। यहाँ का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। झांसी, हमीरपुर, आगरा और वाराणसी में रातें भी बेहद गर्म (उष्ण रात्रि) रहने वाली हैं, जिससे लोगों की बेचैनी और बढ़ गई है। अगले 48 घंटों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
28 मई से बदलेगा मौसम
उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 मई से उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने और ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की भी आशंका है। इस मौसमी बदलाव के दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।
31 मई तक जारी रहेगा सिलसिला
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आंधी, बारिश और बिजली कड़कने का यह दौर 31 मई तक रुक-रुक कर जारी रहेगा। इस बदलाव के बाद लगातार बढ़ रहे पारे और भीषण लू के प्रहार पर ब्रेक लग जाएगा।
बारिश और तेज हवाओं के चलते राज्य के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे जून की शुरुआत से ठीक पहले यूपी वासियों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Twisha Death Case में नई तारीख तय, सास की बेल याचिका पर 27 मई को होगी सुनवाई










