Weather Update: उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में अगले 24 घंटे के भीतर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि इसका असर 30 जनवरी की रात से 2 फरवरी तक बना रहेगा। इस दौरान लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज बारिश दर्ज की जाएगी। घाटियों में शीतलहर और घना कोहरा छाए रहने से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहेगा।
Weather Update: सर्दी का कहर! दिल्ली-NCR समेत 8 राज्यों में भीषण ठंड
मैदानी राज्यों में मौसम का बदलाव

आईएमडी ने बताया कि 31 जनवरी की शाम से हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही शुरू होगी। शनिवार से सोमवार तक इन राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे और शीतलहर की स्थिति के कारण सर्दी का एहसास और बढ़ जाएगा। वहीं, स्काईमेट वेदर ने अनुमान जताया है कि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश हो सकती है।
राजस्थान का मौसम
नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में शनिवार से बादल छाए रहेंगे। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, शेखावटी, बीकानेर और जोधपुर संभाग में झमाझम बारिश का अलर्ट है। तेज हवाओं और बारिश के कारण घना कोहरा और गलन वाली ठंड परेशान कर सकती है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 4°C, सिरोही में 4.5°C, अलवर में 5°C, गंगानगर में 6°C और फतेहपुर में 5.2°C रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद अगले 24 घंटे मौसम साफ रहेगा। लेकिन 31 जनवरी से फिर पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ेगा। अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ बारिश दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान 7°C और अधिकतम तापमान 19-20°C रहने का अनुमान है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी इसी तरह का मौसम रहेगा। हवा की गुणवत्ता (AQI) बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है, जो 320 के आसपास दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
1 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 3 फरवरी तक पूर्वी और पश्चिमी जिलों में बारिश और बादल छाए रहेंगे। सर्द हवाएं चलेंगी और सुबह घना कोहरा दर्ज होगा। न्यूनतम तापमान में 3-4°C की गिरावट से ठंड का असर और बढ़ेगा।
बिहार का मौसम
पटना, बेतिया, बगहा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज और चंपारण जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।न्यूनतम तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ेगी और कोहरा छाया रहेगा।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश

उत्तराखंड में उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और देहरादून में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भारी बर्फबारी से जमीन सफेद हो जाएगी। हिमाचल प्रदेश में 1 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और बिजली गिरने का अंदेशा है।
जम्मू-कश्मीर का मौसम
जम्मू-कश्मीर में 30 जनवरी को चिल्ला-ए-कला की अवधि समाप्त हो रही है और अब चिल्ला-ए-खुर्द की शुरुआत होगी। रविवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। श्रीनगर, पहलगाम, कुलगाम, सोनमर्ग, गुलमर्ग और कुपवाड़ा में बारिश और बर्फबारी दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान माइनस 2°C से लेकर माइनस 12°C तक रह सकता है।
Weather Update: 48 घंटे बाद पलटेगा मौसम! जानें आपके जिले का हाल









