Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिन के समय तेज धूप और झुलसाने वाली हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी, वहीं रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा। कई जिलों में रातें सामान्य से अधिक गर्म रहने की संभावना जताई गई है।
Weather Alert: 19 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानें कब मिलेगी गर्मी से राहत
कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी और रविदास नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार को अधिकतम तापमान 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन इलाकों में भीषण लू को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
इन जिलों में भी लू का असर
प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तेज गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा। आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और कासगंज समेत कई क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
सोमवार को भी जारी रहेगा गर्मी का प्रकोप
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी कई जिलों में तापमान बेहद ऊंचा बना रहेगा। श्रावस्ती, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, फतेहपुर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बांदा, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज और मैनपुरी जैसे जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। इसके अलावा अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गर्म रातों की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
गर्म रातों ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
मौसम विभाग ने कई जिलों में “उष्ण रात्रि” की चेतावनी भी जारी की है। इसका मतलब है कि रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी। रविवार को फतेहपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, आगरा, मथुरा, इटावा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में गर्म रातें रहने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा तापमान
शनिवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान बेहद ऊंचा दर्ज किया गया। बांदा में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रयागराज में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। झांसी में 44.9, बलिया में 44.7, सुलतानपुर में 44.4 और कानपुर देहात में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल किया, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक होकर 43.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है।
रक्षा उत्पाद की 3 एमएसएमई इकाइयों ने डिफेंस टेक भारत 2026” में किया मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व










