Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सोमवार से शुरू हुई तेज हवाओं ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं का असर खासतौर पर शाम और रात के समय ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जब अचानक ठंडक बढ़ जाती है। वहीं सुबह और दोपहर में तेज धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहता है।
Weather Update: यूपी में फिर पलटा मौसम, 24 जिलों में घना कोहरा, ऑरेंज अलर्ट जारी
तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 फरवरी तक का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़कर लगभग 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मौसम सामान्य रहेगा और दैनिक गतिविधियों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
बारिश और शीतलहर की संभावना नहीं
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं है, जिसके चलते शीतलहर या घने कोहरे का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। केवल सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। दिन में धूप खिली रहेगी और बीच-बीच में बादल भी नजर आ सकते हैं, लेकिन मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।
अगले कुछ दिनों का मिज़ाज
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं पहाड़ों से सटे राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी क्षेत्रों में उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलती रहेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी। दिल्ली-एनसीआर में अगले सात दिनों तक मौसम स्थिर रहने का अनुमान है।
Kal Ka Mausam: 9 फरवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार, 12 राज्यों के लिए चेतावनी









