Weather Update: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ों पर जमी बर्फ के पिघलने और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में घना कोहरा, शीतलहर और बारिश का असर देखने को मिलेगा।
Weather Today: आज बिगड़ेगा उत्तराखंड का मौसम, अंधड़ और बर्फबारी की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कोहरे का प्रकोप

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी एक बार फिर लौट आई है। बुधवार, 4 फरवरी 2026 को राजधानी में घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह और देर रात ठंड ज्यादा महसूस की जाएगी। मौसम विभाग ने कहा है कि शीतलहर का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ सकता है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने की आशंका है, जो सड़क और रेल यातायात को प्रभावित कर सकती है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुलमर्ग में पारा माइनस 5.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हरियाणा और पंजाब में बारिश का अलर्ट
हरियाणा और पंजाब में मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 36 घंटे में पंजाब के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। जालंधर, कपूरथला, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि

उत्तर प्रदेश के आगरा और मुरादाबाद मंडल समेत करीब 25 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य यूपी में बादलों की गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश और ओले फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
बिहार में घना कोहरा और ठंड
बिहार में भी सर्दी का असर जारी है। कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि ठंड और कोहरे के कारण लोगों को सतर्क रहना चाहिए। यातायात पर इसका असर पड़ सकता है और सुबह-शाम ठिठुरन ज्यादा महसूस होगी।
Weather Update: दिल्ली में कोहरे का कहर, घनी धुंध से ढकी राजधानी, IMD का येलो अलर्ट










