Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी हाहाकारी गर्मी और झुलसाने वाली लू से परेशान जनता के लिए राहत भरी खबर है। आसमान से बरसती आग और गर्म थपेड़ों के बीच मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान जताया है। उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के भीतर यूपी के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव आज से ही दिखाई देने लगेगा और अगले एक हफ्ते तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
26 May Weather: मौसम विभाग की चेतावनी, अगले 5 दिन लू, उमस और बारिश का डबल अटैक
तराई वाले इलाकों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के तराई वाले और पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं।
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया। अगले एक सप्ताह के दौरान तेज हवाओं और बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस और तपिश से बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही 29 तारीख को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि (ओले गिरने) की भी चेतावनी दी गई है।
आगरा से बांदा तक फिलहाल ‘रेड अलर्ट’
एक तरफ जहाँ तराई के इलाकों में मौसम करवट ले रहा है, वहीं दूसरी तरफ बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के कई जिले अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रंगों का अलर्ट जारी किया है, आगरा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और बांदा में आज भी सूरज के कड़े तेवर बरकरार रहेंगे। यहाँ दिन में जानलेवा लू चलने के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म (वार्म नाइट) रहने वाली हैं। मथुरा, हाथरस और फिरोजाबाद में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज और चित्रकूट समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज दिनभर आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के साथ लू का दौर जारी रहेगा। हालांकि, लखनऊ वासियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
अगले 48 घंटों में यहाँ भी मौसम करवट लेगा और बादलों की आवाजाही के साथ राहत की बारिश दर्ज की जाएगी। कुल मिलाकर, अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
Weather Update: उत्तर भारत में मौसम का यू-टर्न, कई शहरों में बारिश की संभावना










