Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून विदा होने से पहले एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में डिप्रेशन और उसके बाद डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। यह मौसम प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के करीब पहुंचेगी। इसके प्रभाव से ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Weather Update: आज इन राज्यों में झमाझम बारिश, दिल्ली में बढ़ेगी उमस; जानें
17 से अधिक राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तेलंगाना सहित करीब 17 राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा। कई स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका भी बनी हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में राहत, मौसम रहेगा सामान्य
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है। 23 सितंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व दिशा से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में बढ़ेगी बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, प्रयागराज, सोनभद्र और आसपास के जिलों में बारिश की संभावना है। 24 से 27 सितंबर के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में 23 से 27 सितंबर तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 24 और 25 सितंबर को कुछ जिलों में बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसी दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा सहित कई जिलों में व्यापक बारिश की संभावना है। 23 से 25 सितंबर के बीच तेज हवाएं और गरज-चमक लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
मध्य प्रदेश में सक्रिय होगा मानसून, राजस्थान में विदाई के संकेत
मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 23 से 27 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। भोपाल, जबलपुर, रीवा, सतना और सागर संभाग में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
वहीं राजस्थान में मानसून की वापसी का दौर तेज होने लगा है। अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और अगले दो दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल मानी जा रही हैं।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर का मौसम

उत्तराखंड में 23 सितंबर से बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है, जबकि 26 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 24 सितंबर से मौसम बदलने के संकेत हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि महीने के अंतिम सप्ताह में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। कर्नाटक और दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में भी तेज सतही हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
लोगों के लिए सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है। जिन राज्यों में रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Weather Update: मानसून की विदाई से पहले यूपी में फिर बारिश, जानें कब










