Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। कहीं तेज बारिश लोगों को राहत दे रही है, तो कहीं धूप और बढ़ती नमी के कारण उमस परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकता है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
22 सितंबर को देश के करीब 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, इसलिए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Weather Update: मानसून की विदाई से पहले यूपी में फिर बारिश, जानें कब
दिल्ली-NCR में साफ रहेगा आसमान, उमस करेगी परेशान
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज बारिश की संभावना कम है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण उमस बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 26 सितंबर के बीच दिल्ली में आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, लेकिन बारिश के आसार फिलहाल कमजोर हैं।
दिल्ली में आज बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम और दोपहर में उत्तर-पूर्व दिशा से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कमजोर पड़ेगा बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कम हो रही है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया है। राज्य में फिलहाल भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि, 23 सितंबर के बाद कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। बिहार में भी बारिश का दौर फिलहाल कमजोर रहने की संभावना है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन तेज आंधी, तूफान या भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। 23 सितंबर के बाद बिहार में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का सबसे ज्यादा असर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भी भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर व्यापक बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 23 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
इन राज्यों में भी बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार, आज ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, गोवा, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मध्यम बारिश की संभावना है। बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, लक्षद्वीप और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के कई जिलों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।
Weather Update: यूपी में अभी नहीं थमेगी बारिश! 38 जिलों में मौसम विभाग का










