Weather Update: उत्तर भारत इस वक्त घने कोहरे की मार झेल रहा है। दिल्ली की सुबह भी कोहरे की मोटी परत से ढकी रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 273 के स्तर पर बना हुआ है।
Weather Update: यूपी में मौसम का बदलेगा मिज़ाज, 10 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
बीते 24 घंटे का हाल

पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा। सोमवार को दिनभर धूप नहीं निकली और ठंडी हवाएं करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोहरे का असर अभी कम नहीं होगा। आज भी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में घना कोहरा छाने की संभावना है।
येलो अलर्ट और सतर्कता
IMD ने कोहरे की तीव्रता को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खासतौर पर सुबह और देर रात यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। सड़क और हवाई यातायात दोनों पर कोहरे का असर पड़ सकता है। वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
तापमान और विजिबिलिटी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आज अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय घना कोहरा होने से विजिबिलिटी बेहद कम रहेगी। इससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
8 फरवरी तक का पूर्वानुमान
IMD ने 8 फरवरी तक का पूर्वानुमान जारी किया है। फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन कोहरा लगातार बना रहेगा। ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का असर बरकरार रहेगा और सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। पहला विक्षोभ 2 फरवरी की रात और दूसरा 5 फरवरी की रात को प्रभावी होगा। 2 और 3 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात संभव है, जबकि 6 और 7 फरवरी को कई इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसके असर से अगले दो दिनों में उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
अन्य राज्यों में बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों, पूर्वी राजस्थान और दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। इससे मौसम में ठंडक और बढ़ सकती है।
Kal Kal Mausam: आंधी-बारिश और बर्फबारी की चेतावनी! जानें कल कैसा रहेगा मौसम










