Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। सर्दी का असर कम होता जा रहा है और दिन में धूप की तपिश बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटों में हवाओं की रफ्तार थमने के बाद लोगों को दिन में गर्मी का साफ एहसास होने लगा है। यही हाल रहा तो फरवरी खत्म होने से पहले ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी महसूस होने लगेगी।
Kal Ka Mausam: आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट! दिल्ली समेत अन्य राज्यों का जानें हाल
हवाओं की रफ्तार घटी, धूप हुई तीखी

कुछ दिन पहले तक दिल्ली-एनसीआर में हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। इसके बाद यह रफ्तार घटकर 17 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई और अब लगभग थम चुकी है। हवाओं के रुकते ही धूप ज्यादा चटक हो गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में धूप और तेज हो सकती है।
आईएमडी का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 15 फरवरी तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। धीरे-धीरे यह 30 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है, जो इस समय सामान्य से अधिक है। न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है और 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रात में हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन कड़ाके की सर्दी अब पूरी तरह खत्म होती दिख रही है।
दिल्ली मेट्रो में एसी, साफ रहेगा मौसम
बढ़ती गर्मी का असर अब सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखने लगा है। दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुविधा के लिए एयर कंडीशनर चालू कर दिए गए हैं। दिन में धूप की तपिश लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 16 फरवरी तक अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दौरान मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। बीच-बीच में हल्के बादल जरूर दिख सकते हैं, लेकिन बारिश या घने कोहरे की संभावना नहीं है।
उतार-चढ़ाव की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में दिन और रात दोनों के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जाएगी। 16 फरवरी को एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ी इलाकों में पहुंचेगा। इसके असर से राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है।
Weather Update: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी









