Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश और उसके बाद चली तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। बारिश के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंड एक बार फिर से महसूस की जाने लगी है। लोगों को दिन और रात दोनों समय कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा देखा जा रहा है।
Weather Update: दिल्ली में सुबह बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया तेज हवा का अलर्ट
दिन में बादलों की आवाजाही

शनिवार तड़के दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, कोहरे में कमी आएगी और मौसम धीरे-धीरे साफ होगा। दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की धूप भी निकल सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठंडक बनी रहेगी। आज दिल्ली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ बना मौसम बदलाव की वजह
मौसम में इस अचानक बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट आई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक ठंड का यह दौर जारी रहेगा और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बना रह सकता है।
अगले कुछ दिन रहेगा सर्दी का असर
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सोमवार से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। 27 जनवरी के आसपास राजधानी और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश से हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार

बारिश का सकारात्मक असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इसके बावजूद दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 300 के आसपास बना हुआ है, जो अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आगे भी हल्की बारिश होती है तो हवा की गुणवत्ता में और सुधार देखने को मिल सकता है।
आज का तापमान कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है और सुबह-शाम ठंड से बचाव जरूरी है।
Weather Update: दिल्ली-यूपी से पहाड़ों तक आफत, बारिश, आंधी और बर्फबारी का अलर्ट









