
Kal Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कुछ इलाकों में हुई भारी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर धान की फसल को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के मुताबिक, प्रदेश में अब बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। कई जिलों में मौसम साफ और शुष्क रह सकता है।
IMD Weather Alert : 17 राज्यों में बारिश का तांडव, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; IMD का बड़ा
यूपी में अगले कुछ दिनों कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में अंतर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना है, जबकि कई जिलों में आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो यहां 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 के बीच कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि, 3 नवंबर से 6 नवंबर तक पूर्वी यूपी में मौसम के पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। यानी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम हो सकती हैं।
पश्चिमी यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद 1 नवंबर से 6 नवंबर तक पश्चिमी यूपी में मौसम साफ और शुष्क बना रह सकता है। ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों को आने वाले दिनों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

शुक्रवार को कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में 0.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में औसतन 7.3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में चक्रवात अर्नब के प्रभाव के कारण कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ीं। बारिश के चलते कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
अक्टूबर में सामान्य से कम हुई बारिश
अक्टूबर महीने में प्रदेश में कुल बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में औसतन 22.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा का आंकड़ा 28.2 मिलीमीटर है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से करीब 19 प्रतिशत कम बारिश हुई।
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश के आंकड़े

क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के दौरान कुल 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से लगभग 30 प्रतिशत अधिक है। इसके विपरीत पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस अवधि में महज 20 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य औसत से करीब 40 प्रतिशत कम है।
कुल मिलाकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन अधिकांश जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। किसानों और आम लोगों को मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।
Weather Today: मानसून गया, लेकिन आफत नहीं! यूपी के 23 शहरों में फिर गरजेंगे बादल











