VBYLD 2027: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 को पहले की तुलना में ज्यादा व्यापक और समावेशी स्वरूप देने की तैयारी की है। इस पहल का उद्देश्य देश के युवाओं को केवल भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से जुड़ा यह कार्यक्रम युवाओं के विचारों, नवाचार और समाधान को देश के विकास से जोड़ने पर केंद्रित है।
तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू
VBYLD के पहले दो संस्करणों में युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली थी। अब इसके तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी अपने 2026 के केंद्रीय बजट भाषण में VBYLD से जुड़े युवाओं के विचारों और सुझावों से प्रेरणा मिलने की बात कही थी। इससे इस पहल की बढ़ती भूमिका का अंदाजा लगाया जा सकता है।
10 से 12 जनवरी तक होगा राष्ट्रीय आयोजन
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का राष्ट्रीय आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रस्तावित है। पिछले दो वर्षों में मिली प्रतिक्रिया और युवाओं की भागीदारी को देखते हुए इस बार कार्यक्रम का स्वरूप बदला गया है। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मंच से जोड़ना और उनके विचारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
22 भाषाओं में आयोजित होगा क्विज
इस बार VBYLD में युवाओं की भाषाई विविधता को विशेष महत्व दिया गया है। विकसित भारत चैलेंज के तहत डिजिटल क्विज का आयोजन 22 भाषाओं में किया जाएगा। इससे देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के युवा अपनी सुविधा की भाषा में इस अभियान से जुड़ सकेंगे। कार्यक्रम में पहली बार यूथ एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज को भी प्रमुख ट्रैक के तौर पर शामिल किया गया है।
यूथ पार्लियामेंट के प्रतिभागियों को भी मौका
VBYLD 2027 के नए स्वरूप में यूथ पार्लियामेंट के नेशनल फाइनलिस्ट्स को भी राष्ट्रीय कार्यक्रम से सीधे जोड़ने की योजना है। इसके अलावा प्रत्येक राज्य अपनी स्थानीय जरूरतों और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के आधार पर स्टेट VBYLD आयोजित करेगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से स्थानीय स्तर की समस्याओं और उनके संभावित समाधानों को राष्ट्रीय विकास की व्यापक सोच से जोड़ा जाएगा।
अगस्त से शुरू होगी विकसित भारत चैलेंज की प्रक्रिया
विकसित भारत चैलेंज की शुरुआत 15 अगस्त से 30 सितंबर तक चलने वाले डिजिटल क्विज के साथ होगी। इसके बाद 5 से 19 अक्टूबर तक एसे राउंड आयोजित किया जाएगा। 10 से 16 नवंबर के बीच जिला चैम्पियनशिप PPT राउंड होगा। इसके बाद 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक स्टेट VBYLD राउंड चलेगा। आखिर में 10 से 12 जनवरी 2027 तक राष्ट्रीय चरण आयोजित किया जाएगा।
1500 युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा अवसर
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को VBYLD 2027 के राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिलेगा। इसके लिए कुल 1500 युवाओं का राष्ट्रीय दल तैयार किया जाएगा। इसमें प्रत्येक राज्य से 45 और प्रत्येक केंद्र शासित प्रदेश से 30 युवाओं को शामिल किया जाएगा। चयनित प्रतिभागी देश के भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर अपने विचार और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करेंगे।
दस प्रमुख विषयों पर रखेंगे विचार
विकसित भारत चैलेंज में युवाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर अपनी सोच रखने का अवसर मिलेगा। इनमें गवर्नेंस, क्लाइमेट सिक्योरिटी, ह्यूमन कैपिटल, सस्टेनेबिलिटी, एंटरप्रेन्योरशिप, टेक्नोलॉजी, ब्लू इकॉनमी और ग्लोबल कॉम्पिटिटिवनेस जैसे विषय प्रमुख हैं। इन विषयों के जरिए युवाओं को देश के सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी विकास से जुड़े मुद्दों पर समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
MY Bharat Portal पर रजिस्ट्रेशन की अपील
VBYLD 2027 को ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक पहुंचाने के लिए उनसे सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। युवाओं से MY Bharat Portal पर रजिस्ट्रेशन कर विकसित भारत क्विज में हिस्सा लेने का आग्रह किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाशाली युवा इस पहल से जुड़ें और अपने विचारों के जरिए विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
Read More : Baba Farid University में हड़कंप, 200 कर्मियों पर गिरी गाज; 24 डॉक्टरों की प्रमोशन रद्द










