Varanasi News: वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य मौजूद रहीं। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण के साथ-साथ स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और समग्र विकास का प्रमुख केंद्र बनाना है।
‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी

बताते चले कि, राष्ट्रीय पोषण माह के तहत इस बार आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को और व्यापक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। केंद्रों को सिर्फ पोषण सामग्री बांटने की जगह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास का आधार बनाने का संदेश दिया गया है। साथ ही अभियान में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, ताकि बच्चों के पोषण और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी केवल सरकारी तंत्र तक सीमित न रहे।
CM योगी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संवाद
आपको बता दे कि, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संवाद किया। गोरखपुर के बसियापुर गांव की कार्यकर्ता से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उनके गांव जा चुके हैं। कार्यकर्ता ने भी मुख्यमंत्री को पहचानने की बात कही। बातचीत के दौरान सीएम योगी ने वर्ष 2017 में प्रदेश की आंगनबाड़ी व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
CM योगी का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में जब उन्होंने प्रदेश की व्यवस्था को देखा तो कई आंगनबाड़ी केंद्रों की हालत बेहद खराब थी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों है। सीएम के मुताबिक, उस समय उन्हें बताया गया था कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण सामग्री की सप्लाई में शराब माफिया का दखल था और वह अपनी मनमानी करता था। उन्होंने जब पोषण सामग्री की समय पर आपूर्ति को लेकर सवाल किया तो बताया गया कि कई बार सामान दो से तीन महीने में पहुंचता था।
सीएम योगी का विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि व्यवस्था में गलती ऊपर बैठे लोगों की होती थी, लेकिन उसका खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भुगतना पड़ता था। उन्होंने कहा कि ‘लखनऊ में बैठकर गलती कोई और करता था, लेकिन गाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिलती थी।’ सीएम ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं पूरा श्रम करती थीं, इसके बावजूद उनके मानदेय में भी अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई थी।
उत्तर प्रदेश में पोषण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर

प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत पोषण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने जनभागीदारी को अभियान की सफलता के लिए बेहद जरूरी बताया। मंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक बड़ा सामाजिक संदेश है, जिसमें समाज और समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। अभियान में सहयोग करने वाले अभिभावकों को सम्मानित किए जाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
‘बच्चे देश की नींव, पोषण की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर’
बेबी रानी मौर्य ने बच्चों को देश की नींव बताते हुए कहा कि अगर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो बच्चों को स्वस्थ और पोषित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मंत्री ने मातृ वंदना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उनका जोर आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के समग्र विकास का केंद्र बनाने पर रहा।
सावित्री ठाकुर ने बताई आंगनबाड़ी की अहमियत

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि मां अन्नपूर्णा की धरती काशी से पूरे देश को पोषण का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती दो वर्ष बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और इस दौरान उचित पोषण मिलना आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि वे बच्चों और परिवारों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण काम कर रही हैं।
मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का किया जिक्र
सावित्री ठाकुर ने कहा कि मातृ वंदना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का भी उल्लेख किया और कहा कि इस पहल ने समाज की सोच में बदलाव लाने में भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण को एक साथ आगे बढ़ाना जरूरी है।
अन्नपूर्णा देवी का संदेश

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि काशी से राष्ट्रीय पोषण माह के संकल्प को पूरे देश में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में भी शुद्ध और संतुलित आहार को जीवन का आधार माना गया है। मंत्री ने कहा कि पोषण अभियान तभी सफल होगा, जब इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी होगी। उन्होंने इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्वस्थ बचपन से बनेगा विकसित भारत
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि जिस तरह किसी बड़ी इमारत के लिए मजबूत नींव जरूरी होती है, उसी तरह विकसित भारत के लिए स्वस्थ बचपन आवश्यक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 24 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधुनिक वातावरण तैयार किया गया है। कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।










