Varanasi News: वाराणसी में नमो घाट पर हाई अलर्ट, आम लोगों की एंट्री बंद; जानिए क्यों

वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो से पहले नमो घाट को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और वायुसेना ने कम्युनिकेशन सेटअप संभाल लिया है। तीन दिन के आयोजन में करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।

Varanasi News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 16, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने वाले एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई वीवीआईपी के संभावित आगमन को देखते हुए नमो घाट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुक्रवार से नमो घाट पर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। घाट की ओर जाने वाले गेट बंद कर दिए गए हैं और पुलिस के साथ निजी सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की गई है। प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।

एयर शो की सुरक्षा के लिए वायुसेना ने संभाली जिम्मेदारी

एयर शो की सुरक्षा के लिए वायुसेना ने संभाली जिम्मेदारी

आपको बता दे कि, नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित होने वाला है। इसकी तैयारियों के तहत वायुसेना ने नमो घाट के फेज-2 को अपनी निगरानी में ले लिया है। यहां संचार उपकरण और कम्युनिकेशन सेटअप स्थापित किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस पूरे क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। एयर शो के दौरान वायुसेना और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बनाए रखने में यह संचार व्यवस्था अहम भूमिका निभाएगी। बिना अनुमति किसी को भी इस क्षेत्र में जाने की इजाजत नहीं होगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

बताते चले कि, नमो घाट पर लगाई गई पाबंदी एयर शो खत्म होते ही नहीं हटाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम समाप्त होने के एक दिन बाद तक भी यहां आम लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां अपने उपकरणों, संचार व्यवस्था और दूसरे जरूरी संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। वायुसेना की निगरानी वाले इलाके में पुलिस की तैनाती भी जारी रहेगी।

वाराणसी में 26 अक्टूबर तक पतंगबाजी पर रोक

एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने भी जरूरी कदम उठाए हैं। गंगा किनारे और आसपास के इलाकों में 26 अक्टूबर तक पतंगबाजी पर रोक लगा दी गई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साफ कहा है कि प्रतिबंध के बावजूद अगर कोई पतंग उड़ाते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मकसद एयर शो के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा संबंधी परेशानी को रोकना है।

एयर शो से पहले ट्रायल की तैयारी

वाराणसी में होने वाले एयर शो से पहले जंगी विमानों का ट्रायल भी देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि 22 अक्टूबर से पहले विमान वाराणसी के ऊपर से गुजरते हुए करतब दिखा सकते हैं। हालांकि, इस संभावित ट्रायल को लेकर सेना की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। एयर शो को यादगार बनाने के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तैयारियों में जुटी हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

गंगा किनारे दर्शकों के लिए बढ़ाई जा रही जगह

गंगा किनारे दर्शकों के लिए बढ़ाई जा रही जगह

वाराणसी में तीन दिन तक चलने वाले एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए गंगा किनारे पाथ-वे बनाने और जमीन को समतल करने का काम चल रहा है। दर्शकों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। एक ही जगह पर भीड़ जमा न हो, इसके लिए दर्शकों के बैठने और कार्यक्रम देखने के लिए अतिरिक्त क्षेत्र तैयार किए जा रहे हैं। इसमें सारनाथ के सराय मोहाना और गंगा पार चंदौली के बलुआ इलाके के कुछ हिस्सों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। रामनगर में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।

एयर शो को लेकर प्रशासन की रोज समीक्षा बैठक

एयर शो को लेकर प्रशासन की रोज समीक्षा बैठक

एयर शो को सफल बनाने के लिए प्रशासन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है। अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इसके साथ ही वाराणसी को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है। खासकर गंगा के घाटों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है, ताकि एयर शो में आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके। अब सबकी नजर 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस बड़े आयोजन पर है।

2