Varanasi Air Show : वाराणसी एयर शो की तैयारियों पर CM योगी सख्त, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक दिए निर्देश

वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा की। नमो घाट से गंगा के अन्य घाटों तक सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और सफाई पर विशेष जोर दिया गया है। 25 अक्टूबर को पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।

Varanasi Air Show

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अक्टूबर 15, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

Varanasi Air Show : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो के आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आमजन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद रहे।

नमो घाट पहुंचकर मुख्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पहुंचकर प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने उन्हें आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने परियोजना के मानचित्र के माध्यम से कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी प्रबंधों की रूपरेखा समझाई। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है एयर शो

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को एयर शो आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक और पार्किंग के लिए बनेगी विशेष योजना

मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएं और वहां स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, ताकि लोगों को वाहन खड़े करने और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बैरिकेडिंग, लाइफ जैकेट और ग्रीन कॉरिडोर पर जोर

एयर शो के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल और घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने जरूरत के अनुसार लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने, आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखने और घाटों पर पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट लगाने को कहा। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए।

स्वयंसेवकों की मदद से संभाली जाएगी भीड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों और अन्य आयोजनों को ध्यान में रखकर पुलिस बल की तैनाती की योजना बनाई जाए। एयर शो जैसे बड़े कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य सामाजिक संगठनों की सहायता लेने के निर्देश भी दिए गए।

घाटों की सफाई और शहर के सौंदर्यीकरण की तैयारी

योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई और शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। नमो घाट से अस्सी घाट तक पेंटिंग कराने के साथ एयरपोर्ट से शहर तक प्रमुख मार्गों पर बिजली के खंभों में स्पाइरल लाइट लगाने और चौराहों का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक, घाटों पर सिल्ट हटाई जा रही है। व्यवस्था के तहत 300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और 3,000 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जानकारी दी गई है।

Read More  :  Supreme Court SIR : सुप्रीम कोर्ट में SIR पर आज सुनवाई, राहुल गांधी समेत 13 नेताओं की याचिका पर नजर