US Iran Tensions: परमाणु वार्ता से पहले ‘ओमान’ में जुटी टीमें, US की अपने नागरिकों को फौरन देश छोड़ने की चेतावनी

ओमान की राजधानी मस्कट में आज अमेरिका और ईरान के शीर्ष प्रतिनिधि परमाणु कार्यक्रम पर अंतिम दौर की चर्चा के लिए जुटे हैं। लेकिन वार्ता शुरू होने से पहले अमेरिकी दूतावास के "Leave Iran Now" वाले सुरक्षा अलर्ट ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। क्या यह कूटनीति की आखिरी कोशिश है या किसी बड़े हमले का संकेत?

US Iran Tensions

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 6, 2026

US Iran Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ती तल्खी ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिकी दूतावास ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए कड़ी एडवाइजरी जारी की है, जिससे जंग की आशंका को और बल मिला है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर अहम बातचीत होने वाली है।

अमेरिकी दूतावास की सख्त एडवाइजरी

शुक्रवार, 6 फरवरी को जारी की गई एडवाइजरी में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने की अपील की है। दूतावास ने स्पष्ट कहा है कि लोग किसी भी संभव रास्ते—सड़क, हवाई या जलमार्ग—से ईरान से बाहर निकलें। इस चेतावनी की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि नागरिकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा गया है, बिना हालात के सामान्य होने का इंतजार किए।

ईरान में सुरक्षा कड़े, यात्रा पर असर

ईरान सरकार ने सुरक्षा कारणों से कई इलाकों में सड़कों को बंद करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही हवाई यात्रा पर भी सीमाएं लगाई जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए कई वैश्विक एयरलाइंस ने ईरान आने-जाने वाली उड़ानों में कटौती कर दी है, जबकि कुछ फ्लाइट्स को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इससे ईरान में फंसे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

बिना मदद के देश छोड़ने की चेतावनी

एडवाइजरी का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि अमेरिकी दूतावास ने साफ शब्दों में कहा है कि नागरिक अमेरिकी सरकार से किसी भी तरह की सहायता की उम्मीद न करें। उन्हें अपने संसाधनों के बल पर ही ईरान छोड़ना होगा। यह बयान बताता है कि हालात कितने संवेदनशील और अनिश्चित हो चुके हैं।

जंग की आशंका के बीच परमाणु वार्ता

इन तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत तय है। यह वार्ता ओमान में होनी है, जहां दोनों पक्ष अपने-अपने प्रतिनिधि भेज रहे हैं। व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम कूटनीतिक समाधान पर काम कर रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पूर्ण रोक लगाना है।

बातचीत में कौन-कौन लेगा हिस्सा

ईरान के विदेश मंत्री गुरुवार, 5 फरवरी की देर रात ओमान पहुंच चुके हैं। वहीं अमेरिका की ओर से इस अहम वार्ता में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ हिस्सा लेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लीविट ने जानकारी दी है कि स्टीव विटकॉफ के साथ जेरेड कुशनर भी बातचीत के लिए ओमान रवाना होंगे। दोनों पक्षों की यह बैठक आने वाले दिनों में अमेरिका-ईरान संबंधों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।