UPSSSC Result 2026: UPSSSC ने जारी किया बड़ा रिजल्ट, 1828 पदों में 1643 उम्मीदवारों का हुआ चयन

UPSSSC ने सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 1828 पदों के मुकाबले 1643 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। रिजल्ट के साथ श्रेणीवार कटऑफ और चयनित अभ्यर्थियों की सूची भी जारी की गई है। अब सवाल है कि किस वर्ग की कटऑफ कितनी रही और रिजल्ट कहां देखें?

UPSSSC ने जारी किया बड़ा रिजल्ट

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 14, 2026

UPSSSC Result 2026: उत्तर प्रदेश के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UPSSSC ने विज्ञापन संख्या 03-परीक्षा/2024 के तहत आयोजित सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 1828 पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया में 1643 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है।

आयोग ने चयनित उम्मीदवारों के अनुक्रमांक और अलग-अलग वर्गों के लिए निर्धारित कटऑफ भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं। अभ्यर्थी अपने परिणाम और चयन से जुड़ी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।

फ्रेशर्स के लिए बढ़े नौकरी के मौके, 75% कंपनियां नए उम्मीदवारों को देंगी मौका

सहायक लेखाकार के सामान्य पदों पर 570 चयन

आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के तहत सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों पर भर्ती की गई थी। इन पदों के लिए कुल 570 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित उम्मीदवारों में 387 अनारक्षित, 117 अन्य पिछड़ा वर्ग और 66 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के लिए संबंधित श्रेणी में उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण इन पदों को नियमों के अनुसार आगे के लिए अग्रनीत किया गया है।

विशेष चयन में 866 उम्मीदवार सफल

सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के लिए भी आयोग ने परिणाम जारी किया है। इन पदों पर कुल 866 उम्मीदवारों को अंतिम चयन मिला है।इनमें अनुसूचित जाति के 341, अनुसूचित जनजाति के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत निर्धारित 190 पदों पर सभी 190 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

लेखा परीक्षक के 209 पदों का परिणाम भी जारी

लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों के लिए 206 उम्मीदवारों का अंतिम चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में 96 अनारक्षित, 28 अनुसूचित जाति, 4 अनुसूचित जनजाति, 58 OBC और 20 EWS वर्ग से हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत निर्धारित 41 पदों पर भी सभी 41 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

विधिक सेवा प्राधिकरण में भी एक चयन

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक पद के लिए भी एक अभ्यर्थी का चयन किया गया है। यह पद अनारक्षित श्रेणी में था और इसके लिए एक उम्मीदवार को सफल घोषित किया गया है।

68 अभ्यर्थियों का चयन अभी औपबंधिक

आयोग ने 68 उम्मीदवारों को औपबंधिक रूप से अंतिम चयन सूची में शामिल किया है। इन अभ्यर्थियों का चयन उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम रूप से तय होगा। इसके अलावा आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम संबंधित उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिकाओं, विशेष अपीलों और भविष्य में दायर होने वाले संबंधित मामलों में आने वाले न्यायिक आदेशों के अधीन रहेगा।

वेबसाइट पर देखें रिजल्ट और कटऑफ

UPSSSC ने चयनित उम्मीदवारों के अनुक्रमांक और श्रेणीवार कटऑफ अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं और भर्ती से संबंधित जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस भर्ती परिणाम से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोग की ओर से परिणाम जारी होने के बाद अब चयनित उम्मीदवारों को आगे की दस्तावेजी प्रक्रिया और विभागीय नियुक्ति से जुड़ी जानकारी का इंतजार रहेगा।

Google ने Pixel 11 सीरीज के साथ Pixel Tag और Watch 5 किए लॉन्च