Weather Update: यूपी में थमने लगी बारिश, अब मानसून की विदाई की तैयारी; जानें IMD का अपडेट

यूपी में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। लखनऊ समेत कई जिलों में धूप और उमस बढ़ सकती है। लेकिन सवाल यह है कि उत्तर प्रदेश से मानसून आखिर कब पूरी तरह विदा होगा और किन इलाकों में अभी बारिश जारी रहेगी?

मानसून की विदाई की तैयारी; IMD का अपडेट

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

सितम्बर 9, 2026

Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले चार से पांच दिनों से मानसून की सक्रियता लगातार कमजोर होती दिखाई दे रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला काफी कम हो गया है। राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में भी अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, बुधवार से लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी।

अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ होने के साथ हल्की धूप निकलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में बारिश के बाद अब लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Weather Update: यूपी में आज बारिश का बड़ा अलर्ट, 18 जिलों में होगी भारी

सितंबर के तीसरे सप्ताह में मानसून की विदाई

सितंबर के तीसरे सप्ताह में मानसून की विदाई
सितंबर के तीसरे सप्ताह में मानसून की विदाई

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश से आमतौर पर मानसून की वापसी सितंबर के तीसरे सप्ताह के आसपास शुरू होती है। सामान्य परिस्थितियों में करीब 17 सितंबर तक प्रदेश में मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इस बार भी मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए मानसून की वापसी सामान्य समय के आसपास होने का अनुमान है। हालांकि, मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर हल्की या छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।

आज से ज्यादातर इलाकों में मौसम रहेगा सूखा

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार से राजधानी लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर थमने की संभावना है। मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में लगातार कमी देखी जा रही है।हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे प्रदेश में बारिश पूरी तरह खत्म हो जाएगी। कुछ जिलों में अगले एक-दो दिनों के दौरान स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है।

इन जिलों में हल्की बारिश के आसार

बुधवार और गुरुवार को चित्रकूट, देवरिया, गोरखपुर और इनके आसपास के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के बाकी ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मंगलवार को लखनऊ में सुबह के समय कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई थी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश का सिलसिला ज्यादा प्रभावी नहीं रहा।

लखनऊ में बढ़ सकती है गर्मी और उमस

लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के करीब 45 जिलों में दिन का तापमान सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया गया। अब बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ वातावरण में मौजूद नमी के कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में उमस बढ़ सकती है। धूप निकलने से दिन के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।

14 सितंबर तक नहीं है कोई बड़ा बारिश अलर्ट

14 सितंबर तक नहीं है कोई बड़ा बारिश अलर्ट
14 सितंबर तक नहीं है कोई बड़ा बारिश अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले छह दिनों यानी 14 सितंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी यूपी तक बारिश को लेकर कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसका संकेत है कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता अब काफी कमजोर हो चुकी है। फिलहाल कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश को छोड़ दें तो राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। यानी यूपी में मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को बारिश के बजाय बढ़ती उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Weather Update : 17 राज्यों में मानसून का कहर, 65 किमी की रफ्तार से आंधी