Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून का असर अभी भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश कुछ स्थानों पर परेशानी का कारण भी बन रही है। जलभराव और खराब मौसम के चलते आम लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार यानी 11 अगस्त से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है। इसके बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 42 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है।
Weather Update: यूपी के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ में भी बरसेंगे
इन इलाकों में बारिश के ज्यादा आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगरा और उसके आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, मीरजापुर और सोनभद्र में भी मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है। इन जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में बूंदाबांदी का अनुमान
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी आज मौसम करवट ले सकता है। नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर और बिजनौर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज और उन्नाव में भी एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। रायबरेली, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, वाराणसी और चंदौली में भी स्थानीय स्तर पर बारिश के आसार जताए गए हैं।
लखनऊ में बादल, बाद में निकल सकती है धूप
राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है, लेकिन दिन आगे बढ़ने के साथ धूप निकल सकती है। धूप निकलने के बाद उमस और गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है।
नोएडा-गाजियाबाद में भी बना रहेगा बारिश का असर
नोएडा और गाजियाबाद में भी सुबह से बादलों की आवाजाही जारी है। यहां दिन के दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम के साथ करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं प्रयागराज और वाराणसी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने का अनुमान है। शाम के समय इन क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बढ़ सकती है।
IMD Weather Alert: आज बारिश से नहीं मिलेगी राहत! 12 राज्यों में भारी बरसात का
बाकी जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के बाकी हिस्सों में मंगलवार को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। इन इलाकों में धूप निकलने के साथ उमस लोगों को परेशान कर सकती है। यानी यूपी में एक तरफ कुछ जिलों में बारिश राहत देगी, तो दूसरी ओर कई क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर देखने को मिलेगा।










