Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर कई इलाकों में सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार यानी 10 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, करीब 15 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, जिसके चलते मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, पूर्वी तट के पास बना मौसम तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि, राज्य के बाकी इलाकों में मानसून की सक्रियता सीमित रहने की संभावना है।
लखनऊ में छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ के मौसम की बात करें तो सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के दौरान कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।
कानपुर और प्रयागराज में भी हुई बारिश
रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहा। हालांकि, कानपुर नगर, प्रयागराज और झांसी में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं वाराणसी, गाजीपुर, सुल्तानपुर और फुर्सतगंज में भी 0.3 मिलीमीटर से लेकर 1 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां पूरे प्रदेश में एक समान नहीं रहेंगी। कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है, जबकि कई जगह मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इन 15 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने प्रदेश के 15 जिलों और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इनमें बांदा, चित्रकूट, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुरादाबाद, बागपत, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुरादाबाद में अगले पांच दिन नहीं कोई बड़ा अलर्ट
मुरादाबाद के लिए अगले पांच दिनों का मौसम फिलहाल राहत वाला रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां न तो यलो और न ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान बारिश की गतिविधियां काफी कम रह सकती हैं और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार रात न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक था। अधिक नमी और उमस के कारण तापमान वास्तविक आंकड़े से कहीं ज्यादा गर्म महसूस हो सकता है।
Aaj Ka Rashifal: इन राशियों की चमकेगी किस्मत, जानें प्रेम-धन और करियर का हाल
अगले कुछ दिनों में छिटपुट बारिश के संकेत
आईएमडी के मुताबिक, मौसम तंत्र के आगे बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर व्यापक होने के बजाय अलग-अलग स्थानों तक सीमित रह सकता है। ऐसे में कुछ जिलों में बारिश से राहत मिल सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में उमस और गर्मी बनी रहने की संभावना है।










