Weather Alert: उत्तर प्रदेश में पिछले चार से पांच दिनों से मौसम मुख्य रूप से साफ बना हुआ है। आसमान साफ रहने के कारण दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चार अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तेज धूप के चलते दिन में गर्मी का अहसास थोड़ा बढ़ सकता है। हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पांच अक्टूबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। यह बदलाव करीब दो दिनों तक देखने को मिल सकता है।
Weather Update: यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, दिन में उमस और
5 और 6 अक्टूबर को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पांच अक्टूबर से लखनऊ और आसपास के जिलों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। छह अक्टूबर को भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, छह अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस बारिश को लेकर फिलहाल किसी तरह की गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सात अक्टूबर से बारिश का यह दौर समाप्त हो सकता है। इसके बाद 12 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है।
दिन में गर्मी, रात में बढ़ेगी ठंडक
बारिश के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में प्रदेश में अधिकतम तापमान करीब 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम का मिला-जुला असर दिखाई दे रहा है। यहां दिन के समय हल्की गर्मी बनी हुई है, जबकि रात में तापमान कम होने से ठंडक महसूस होने लगी है।
आगरा और झांसी में दिन का तापमान सबसे ज्यादा

पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान लगभग स्थिर रहा। आगरा में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। वहीं झांसी में दिन का तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बांदा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि फतेहपुर और बहराइच में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मुजफ्फरनगर और इटावा में रात रही सबसे ठंडी
रात के तापमान की बात करें तो मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और इटावा में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरदोई में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है।
लखनऊ में फिर बढ़ सकता है पारा

राजधानी लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को यहां तापमान बढ़कर करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में अगले दो दिनों तक दिन में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है।
Weather Update: मॉनसून विदाई से पहले बारिश का आखिरी दौर, बिहार-झारखंड










