UP IPS Transfer : लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के बाद कई जिलों, पुलिस कमिश्नरेट और पुलिस मुख्यालय में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। एक साथ इतने अधिकारियों के स्थानांतरण से पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक बदलाव हुआ है।
चारू निगम समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की नई तैनाती
2014 बैच की आईपीएस अधिकारी चारू निगम को यूपी-112, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद से स्थानांतरित कर 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद का सेनानायक बनाया गया है। इसी बैच के श्रवण कुमार सिंह को कानपुर नगर के डीसीपी पद से हटाकर गौतमबुद्धनगर का नया डीसीपी नियुक्त किया गया है। 2015 बैच के प्रमोद कुमार को वाराणसी के डीसीपी पद से हटाकर साइबर मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

गौतमबुद्धनगर और आगरा कमिश्नरेट में बदलाव
2015 बैच के रवि शंकर निम को गौतमबुद्धनगर के डीसीपी पद से हटाकर 02वीं वाहिनी एसएसएफ, गोरखपुर का सेनानायक बनाया गया है। 2016 बैच के अतुल शर्मा-II को डीसीपी आगरा के पद से स्थानांतरित कर अभिसूचना मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं सोनम कुमार को आगरा से डीसीपी प्रयागराज और रविन्द्र कुमार को कानपुर नगर से डीसीपी आगरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सैय्यद अली अब्बास को गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी
2018 बैच के कई अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है। साद मिया खां को गौतमबुद्धनगर के डीसीपी पद से हटाकर डीसीपी आगरा बनाया गया है। वहीं सैय्यद अली अब्बास को डीसीपी आगरा से स्थानांतरित कर गौतमबुद्धनगर का डीसीपी नियुक्त किया गया है। इन तबादलों के बाद दोनों प्रमुख पुलिस कमिश्नरेट में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।

वाराणसी और प्रयागराज में भी अधिकारियों का स्थानांतरण
2020 बैच की आईपीएस अधिकारी श्रुति श्रीवास्तव को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद से हटाकर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वहीं विक्रम दहिया को पीलीभीत के अपर पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर चंदौली में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
आयुष श्रीवास्तव को उन्नाव में मिली नई जिम्मेदारी
2021 बैच के आयुष श्रीवास्तव को जौनपुर में पुलिस अधीक्षक नगर के पद से हटाकर उन्नाव में पुलिस अधीक्षक नगर नियुक्त किया गया है। राजेश गुनावत को फिरोजाबाद के सहायक पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। अनन्त चन्द्रशेखर को चंदौली से हटाकर जौनपुर में पुलिस अधीक्षक नगर की जिम्मेदारी दी गई है।

2022 बैच के अधिकारियों की पोस्टिंग भी बदली
2022 बैच के देवेश चतुर्वेदी को अयोध्या के सहायक पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर अम्बेडकरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नियुक्त किया गया है। विवेक तिवारी को खीरी से बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुमित सुधाकर रामटेके को कानपुर नगर से स्थानांतरित कर सम्भल में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी बनाया गया है।
सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन के आदेश के अनुसार स्थानांतरित सभी आईपीएस अधिकारियों को नई तैनाती वाले पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले मई में भी प्रदेश में नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इनमें बिनोद सिंह को सीआईडी का डीजी नियुक्त किया गया था। वर्ष 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित होने के बीच हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर पुलिस विभाग में नई तैनातियों पर चर्चा तेज है।
Read More : Asian Games 2026: क्विम्सी डिसूजा सेमीफाइनल हारीं, अब ब्रॉन्ज मेडल पर नजर










