UP News: दिवाली-छठ पर यूपी पुलिस अलर्ट, 17 नवंबर तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक

दिवाली और छठ के त्योहार को देखते हुए यूपी में पुलिस सुरक्षा सख्त कर दी गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने 5 से 17 नवंबर तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। अमरोहा में पुलिस ने पैदल गश्त शुरू की है, वहीं चित्रकूट में चेकिंग के दौरान बोलेरो से दो कुंतल से ज्यादा विस्फोटक बरामद हुआ है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

नवम्बर 5, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News: दिवाली और छठ के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीजीपी राजीव कृष्ण ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने 5 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। यानी इस दौरान सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी नहीं मिलेगी।

डीजीपी की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हालांकि, किसी पुलिसकर्मी को कोई इमरजेंसी होने पर छुट्टी की जरूरत पड़ती है तो वह संबंधित अधिकारियों से मंजूरी लेकर अवकाश ले सकता है।

दिवाली और छठ पर बढ़ेगी पुलिस गश्त

डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने और त्योहारों के दौरान गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एडीजी, पुलिस आयुक्त, आईजी, डीआईजी रेंज और जिलों में तैनात एसएसपी और एसपी को भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।डीजीपी ने अधिकारियों से कहा है कि बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना न हो।

बता दें कि त्योहारों की तैयारियों को लेकर कुछ दिन पहले डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के अलावा यक्ष एप की कार्यवाही, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, थानों पर आने वाली जनशिकायतों, गाण्डीव पोर्टल के इस्तेमाल और गुमशुदा बच्चों की बरामदगी जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई थी।

अमरोहा में दिवाली की सुरक्षा के लिए पुलिस का पैदल मार्च

उधर, अमरोहा में भी धनतेरस और दिवाली को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में सीओ और थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों के साथ आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

पुलिस ने बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग की। साथ ही लोगों से अपील की कि अगर कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने आम लोगों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।

चित्रकूट में चेकिंग के दौरान बोलेरो से 2 कुंतल से ज्यादा विस्फोटक बरामद

त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के बीच चित्रकूट से भी बड़ी खबर सामने आई है। यहां मारकुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी से दो कुंतल से ज्यादा विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने बोलेरो सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है।एसपी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, मानिकपुर थाने के एसआई विजय प्रकाश तिवारी और सुभाषचंद्र उपाध्याय पुलिस टीम के साथ किहुनिया के पास वाहनों और संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मध्य प्रदेश की तरफ से आ रही एक बोलेरो को पुलिस ने रोक लिया।

गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली। जब पुलिस ने वाहन सवार लोगों से विस्फोटक से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही विस्फोटक सामग्री और बोलेरो को जब्त कर लिया गया है।फिलहाल, त्योहारों को देखते हुए यूपी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। बाजारों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा रही है।

2