UP News: यूपी में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में लखनऊ, कानपुर समेत नोएडा आगरा और मेरठ समेत कई जिलों में लगातार हो रही बिजली कटौती आपूर्ति में बाधा को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। गर्मी के इस मौसम में बार-बार होने वाली कटौती के कारण जनजीवन पर असर देखने को मिल रहा है और कई जगहों पर लोग सड़को पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
UP News: CM योगी ने लखनऊ को दी ₹413 करोड़ की सौगात, मेयर सुषमा खर्कवाल के 3 साल पूरे
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला
इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “सबसे असफल मुख्यमंत्री” बताते हुए बिजली व्यवस्था को पूरी तरह विफल करार दिया। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सरकार पर तंज कसा और कहा कि प्रदेश में “महा विद्युत आपदा” जैसी स्थिति बनी हुई है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए।
सोशल मीडिया पोस्ट में तीखे बयान
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने सरकार पर व्यंग्य करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने यह भी तंज कसा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए बाहरी साजिशों का बहाना न बनाए। उन्होंने बिजली विभाग और सरकार के बीच समन्वय की कमी पर भी सवाल उठाए और कहा कि मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच तालमेल दिखाई नहीं देता, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।
बिजली व्यवस्था पर गंभीर सवाल
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कई जगहों पर बिजली सब-स्टेशनों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी के कुछ विधायक और सांसद भी बिजली कटौती से परेशान होकर सरकार को पत्र लिख रहे हैं, जो खुद सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करता है।
जनता में आक्रोश और प्रदर्शन
बिजली कटौती के कारण आम लोगों में गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। कई इलाकों में लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं और बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग कर रहे हैं।स्थानीय स्तर पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने इस मुद्दे को और अधिक गंभीर बना दिया है और प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।
सरकार का रुख और प्रशासनिक बैठकें
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली संकट को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा।










