UP News: 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र, अब 1 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियों का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। मिशन रोजगार के तहत अगले छह महीने में एक लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति देने का लक्ष्य बताया गया है। लोकभवन में 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। पुलिस, होमगार्ड और विभिन्न आयोगों में भी भर्तियों की जानकारी दी गई।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 19, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी देने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख से कम नहीं, बल्कि एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने रोजगार नहीं दिया, वे सवाल करते रहें और सरकार युवाओं को नियुक्तियां देती रहेगी।

सीएम योगी ने 818 चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को लोकभवन सभागार में मिशन रोजगार के तहत आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के जरिए चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

UP News

इन अभ्यर्थियों का चयन आयुष, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम समेत विभिन्न विभागों के पदों के लिए हुआ है। मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत का परिणाम अब नियुक्ति के रूप में सामने आया है और वे प्रदेश सरकार के अलग-अलग विभागों का हिस्सा बन रहे हैं।

यूपी में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। शनिवार को भी करीब एक हजार लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात उन्होंने कही।

पुलिस, होमगार्ड और विभिन्न आयोगों में हजारों भर्तियों के अवसर

योगी आदित्यनाथ ने आगामी भर्तियों का ब्योरा देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 36 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं। परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और फिजिकल व मेडिकल प्रक्रिया जारी है। वहीं होमगार्ड में भी 41 से 42 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि UPSSSC के आगामी परिणामों से अगले छह महीने में 25 से 30 हजार युवाओं को अवसर मिल सकता है। शिक्षा चयन आयोग से करीब 20 से 25 हजार और UPPSC के जरिए अलग-अलग विभागों में 15 से 16 हजार युवाओं को अवसर मिलने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

पारदर्शी सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर सीएम योगी का जोर

UP News

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा करने के लिए लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्षों एवं सदस्यों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती संस्थाएं राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रहकर काम करें और परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से हों तो बेहतर परिणाम सामने आते हैं।

पिछली सरकारों पर भर्ती व्यवस्था को लेकर निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की सरकारों पर भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस दौर में भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठते थे और युवाओं में नौकरी को लेकर असंतोष था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने समूह ‘ग’ और ‘घ’ की भर्तियों में इंटरव्यू व्यवस्था को समाप्त कर चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया है।

यूपी की अर्थव्यवस्था और युवाओं की प्रतिभा पर सीएम योगी का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को समस्या के बजाय आर्थिक ताकत के रूप में देखने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिलने से उत्तर प्रदेश अपनी आर्थिक क्षमता को और मजबूत कर सकता है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार के साथ प्रदेश के विकास से जोड़ना है।

आयुष और चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ रहे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने आयुष क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, होम्योपैथी और सिद्धा जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय और नए कॉलेज विकसित किए जा रहे हैं, जिससे इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेज और अन्य संस्थान विकसित होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण तक समयबद्धता और मेरिट का ध्यान रखा जा रहा है।

नवचयनित युवाओं से ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाने की अपील

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि अब वे सीधे उत्तर प्रदेश शासन का हिस्सा हैं और अपनी प्रतिभा व सेवाओं के जरिए प्रदेश की जनता के लिए काम करेंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए पूरी ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की।

मंत्रियों ने भी गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

UP News

कार्यक्रम में राज्य मंत्रियों ने भी रोजगार, चिकित्सा और आयुष क्षेत्र में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने नियुक्ति पत्र को युवाओं की मेहनत और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने चिकित्सा क्षेत्र में बदलाव का उल्लेख किया, जबकि आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने नियुक्तियों को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और नवचयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।

2