UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नवंबर और दिसंबर में पार्टी तीन स्तरों पर बड़ा चुनावी अभियान चलाने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 मंडलों में रैलियां करेंगे, अमित शाह संगठन और बूथ मैनेजमेंट संभालेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंचने की रणनीति पर काम करेंगे।
बीजेपी ने शुरू की चुनावी तैयारी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से काफी पहले ही अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। दिवाली के बाद पार्टी प्रदेश में तीन स्तरों पर बड़ा चुनावी अभियान चलाने की तैयारी में है। नवंबर और दिसंबर में होने वाले इस अभियान में राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक मैदान में नजर आएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अभियान की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संभालेंगे। पार्टी का मकसद प्रदेश के हर इलाके तक पहुंच बनाना और चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय करना है। इसके लिए क्षेत्रीय, जिला और विधानसभा स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
पीएम मोदी की 18 मंडलों में मेगा रैलियां
बीजेपी की चुनावी रणनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी भूमिका रहने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी उत्तर प्रदेश के सभी 18 प्रशासनिक मंडलों में मेगा रैलियां करेंगे। इन जनसभाओं के जरिए पार्टी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।इन रैलियों का एक बड़ा मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरना भी होगा। बीजेपी चाहती है कि चुनाव से पहले ही प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में माहौल बनाया जाए और केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ पार्टी का राजनीतिक संदेश लोगों तक पहुंचे।
अमित शाह संभालेंगे BJP का बूथ मैनेजमेंट

चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाह क्षेत्रवार रैलियों और जिला स्तर पर बूथ सम्मेलनों के जरिए संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देंगे। उनका जोर इस बात पर रहेगा कि पार्टी का बूथ नेटवर्क चुनाव से पहले पूरी तरह सक्रिय हो जाए।वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विधानसभा स्तर पर प्रचार अभियान और संगठनात्मक बैठकों का नेतृत्व करेंगे। इसके जरिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश होगी।
सीएम योगी का 403 विधानसभा सीटों पर फोकस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस चुनावी अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी जिला स्तर पर जनसभाएं करेंगे। पार्टी की कोशिश प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंच बनाने की है।योगी आदित्यनाथ की रैलियों के जरिए प्रदेश सरकार के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को चुनावी मुद्दा बनाया जा सकता है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय रखने की रणनीति तैयार की जा रही है।
BJP का 50 परिवारों तक पहुंचने का प्लान
बीजेपी के इस अभियान में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सबसे अहम जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 नवंबर के बाद अभियान में तेजी आएगी। पार्टी के हर बूथ कार्यकर्ता और माइक्रो टीम को कम से कम 50 परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है।कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से बातचीत करेंगे और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही जनता की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को समझने पर भी जोर रहेगा। पार्टी नए और युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है।
सोशल मीडिया पर भी BJP चलाएगी आक्रामक अभियान
बीजेपी की रणनीति सिर्फ रैलियों और जनसभाओं तक सीमित नहीं रहने वाली है। पार्टी सोशल मीडिया के जरिए भी चुनावी माहौल बनाने की तैयारी कर रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है कि वे रैलियों की तस्वीरें, वीडियो और कार्यक्रमों से जुड़ी अपडेट्स तुरंत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करें।
युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए सोशल मीडिया और सीधे संवाद का इस्तेमाल किया जाएगा। पार्टी का प्रयास रहेगा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के कार्यक्रमों से लेकर स्थानीय स्तर की गतिविधियों तक हर जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।
2027 की चुनावी जंग के लिए BJP ने कसी कमर
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं और 2027 का चुनाव बीजेपी के साथ-साथ समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के लिए भी अहम रहने वाला है। बीजेपी जहां अपने केंद्रीय नेतृत्व, योगी सरकार और संगठन की ताकत के सहारे चुनावी मैदान तैयार करना चाहती है, वहीं विपक्षी दल भी अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं।
फिलहाल बीजेपी की इस तीन-स्तरीय चुनावी तैयारी को 2027 की बड़ी सियासी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी का यह मेगा अभियान जमीन पर कितना असर दिखाता है और विपक्ष इसके जवाब में क्या रणनीति अपनाता है।











