Twisha Sharma death Case: सीबीआई द्वारा ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार की गई पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को शुक्रवार (29 मई) को भोपाल स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने कोर्ट से दोनों आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की थी। अदालत ने सीबीआई की दलीलों पर गौर करते हुए समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह की रिमांड को 5 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 जून को दोपहर 2 बजे होगी, जब दोनों को पुनः कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पूर्व जज की गिरफ्तारी और सात घंटे की लंबी पूछताछ
बताते चले कि, ट्विशा शर्मा मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के मात्र एक दिन बाद ही पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे, सीबीआई की टीम भारी पुलिस बल के साथ कटारा हिल्स स्थित उनके आवास पर पहुँची। वहां करीब सात घंटे तक चली सघन पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। यह कठोर कदम एमपी हाई कोर्ट द्वारा जारी 17 पन्नों के उस विस्तृत आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें मामले की गंभीरता को रेखांकित किया गया था।
मेडिकल परीक्षण और कानूनी प्रक्रिया का पालन
आपको बता दे कि, गिरफ्तारी के बाद गुरुवार, 28 मई को सीबीआई टीम ने औपचारिकताएं पूरी करने के लिए गिरिबाला सिंह को भोपाल स्थित मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MANIT) कैंपस ले जाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इस प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और कानूनी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस से विधिवत अनुमति ली गई थी। जांच एजेंसियों के लिए यह मेडिकल जांच मामले की कड़ी को जोड़ने और पूछताछ के दौरान स्वास्थ्य संबंधी प्रोटोकॉल बनाए रखने के लिए अनिवार्य थी।
ट्विशा शर्मा की मौत और गर्भपात का गंभीर आरोप
12 मई को ट्विशा शर्मा की कथित आत्महत्या ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था। शादी के महज पांच महीने बाद (विवाह तिथि: 9 दिसंबर 2025) ट्विशा अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। हालाँकि, हाई कोर्ट ने अपने कड़े आदेश में स्पष्ट किया है कि जांच का दायरा केवल पति समर्थ सिंह तक ही सीमित नहीं है। कोर्ट ने व्हाट्सऐप चैट्स और पीड़िता के परिवार के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि ट्विशा पर गर्भपात (एबॉर्शन) के लिए दबाव बनाया गया था, जो मामले में एक महत्वपूर्ण और स्वीकार्य तथ्य बनकर उभरा है।
पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी
ट्विशा के पति समर्थ सिंह को सीबीआई ने 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक रिमांड के बाद उन्हें बुधवार को पुनः सीबीआई की विशेष हिरासत में भेज दिया गया। अब जबकि मां और बेटा दोनों सीबीआई की गिरफ्त में हैं, जांच एजेंसी की प्राथमिकता उस ‘व्हाट्सऐप चैट’ और उन परिस्थितियों की गहन पड़ताल करना है, जिसके कारण ट्विशा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। कानूनी जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में रिमांड के दौरान पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।










