Kal Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 मई के लिए देशभर में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, भारत के कई हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण और एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में तेज बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले एक सप्ताह तक देश के विभिन्न राज्यों में तेज हवाएं, भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है।
Weather Update: बारिश और बिजली गिरने से बिहार में 12 की मौत, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
उत्तर-पश्चिम भारत में बदलता मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान में 6 और 7 मई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
10 मई के बाद एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम और अधिक खराब हो सकता है। 10 से 12 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पंजाब में तेज आंधी और 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 और 12 मई को भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
दक्षिण भारत में लगातार बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में अगले 7 दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और माहे में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में 7 और 8 मई को तेज बारिश का अनुमान है। वहीं आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अगले पांच दिनों तक धूल भरी हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में गंभीर स्थिति
बिहार और झारखंड में अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार के कुछ हिस्सों में ओले गिरने का भी खतरा है।पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 मई को पश्चिम बंगाल के मैदानी क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान आने की चेतावनी दी गई है। पूर्वोत्तर राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय—में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मध्य भारत और महाराष्ट्र का मौसम
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में आज ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती हवाएं और ट्रफ लाइन लगातार नमी ला रही हैं, जिससे देशभर में प्री-मानसून बारिश और तूफान का माहौल बना हुआ है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में न जाएं, पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।
Aaj Ka Mausam: गर्मी से राहत लेकिन खतरा बरकरार, IMD का बड़ा अपडेट










