T20 WC 2026: साउथ अफ्रीका ने रचा इतिहास, डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को चटाई धूल

अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा चमत्कार हुआ। साउथ अफ्रीका के 187 रनों के जवाब में अफगानिस्तान ने भी 187 रन बनाए। पहला सुपर ओवर टाई होने के बाद दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 23 रन ठोके। गुरबाज ने 3 छक्के मारकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन आखिरी गेंद ने सारा पासा पलट दिया।

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 11, 2026

T20 WC 2026: टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराकर यादगार जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेला गया यह मैच टूर्नामेंट के इतिहास में पहला ऐसा मुकाबला बना, जो डबल सुपर ओवर तक पहुंचा। दर्शकों को आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला और दोनों टीमों ने जबरदस्त जज्बा दिखाया।

दूसरे सुपर ओवर में अफ्रीका का दमदार प्रदर्शन

दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों में 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को 24 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। इस ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने आक्रामक बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर तीन छक्के लगाए और स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। दबाव की स्थिति में भी अफ्रीकी बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा और बड़ा स्कोर खड़ा किया।

गुरबाज की कोशिश, लेकिन जीत दूर

24 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम को शुरुआत में ही झटका लगा। दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी आउट हो गए। हालांकि इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार हिटिंग का प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़ दिए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया। लेकिन आखिरी गेंद पर टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और अफगानिस्तान 19 रन ही बना पाया। इस तरह साउथ अफ्रीका ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पहला सुपर ओवर भी रहा बराबरी पर

इससे पहले खेला गया पहला सुपर ओवर भी बेहद रोमांचक रहा। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों में 17 रन बनाए और साउथ अफ्रीका को 18 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में अफ्रीकी टीम ने भी 17 रन बनाए। अंतिम गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया और मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में पहुंच गया।

निर्धारित ओवरों में दोनों ने बनाए 187 रन

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले निर्धारित 20 ओवर में दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए थे। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। साउथ अफ्रीका की ओर से रायन रिकेल्टन ने 61 रन और क्विंटन डी कॉक ने 59 रन की शानदार पारियां खेलीं। डेविड मिलर 20 रन बनाकर नाबाद रहे।

अफगानिस्तान की गेंदबाजी में अजमतुल्लाह उमरजई ने तीन विकेट लिए, जबकि राशिद खान ने दो सफलताएं हासिल कीं। फजलहक फारूकी को एक विकेट मिला।

रोमांचक अंत से सुपर ओवर तक पहुंचा मैच

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने भी 187 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए तीन गेंदों पर दो रन चाहिए थे। लेकिन चौथी गेंद पर फजलहक फारूकी रन आउट हो गए और मैच टाई हो गया। इसके बाद मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा और अंततः डबल सुपर ओवर में फैसला हुआ।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

अफगानिस्तान की टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दारविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाईब, राशिद खान (कप्तान), फजलहक फारूकी, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान शामिल रहे।

साउथ अफ्रीका की ओर से एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी मैदान में उतरे।

Read More:  Rajasthan Budget 2026: किसानों और महिलाओं की चमकी किस्मत, जानें बजट की 5 बड़ी बातें