Stone Pelting on Shatabdi Express: RSS प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी में ट्रेन पर पथराव, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल तुरंत एक्शन में आ गए। ट्रेन को अगले ही स्टेशन टूंडला रेलवे जंक्शन पर रोका गया, जहां जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) के आला अधिकारियों ने सुरक्षा जांच कर गाड़ी को आगे के लिए रवाना किया।

Stone Pelting on Shatabdi Express

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जून 12, 2026

Stone Pelting on Shatabdi Express: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रेलवे सुरक्षा और वीवीआईपी सिक्योरिटी को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार (11 जून) की शाम अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा पथराव किया गया। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन, उत्तर प्रदेश पुलिस और खुफिया एजेंसियों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यह पता चला कि इसी ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत भी सफर कर रहे थे। गनीमत यह रही कि इस पथराव में संघ प्रमुख सहित सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।

Weather Update: आज 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, जानें कब होगी बारिश और कब घटेगी गर्मी

पैमेश्वर गेट के पास हुआ पथराव

शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर लखनऊ से रवाना होकर कानपुर और इटावा होते हुए नई दिल्ली की तरफ बढ़ रही थी। शाम के समय जब ट्रेन फिरोजाबाद शहर के बीच से गुजर रही थी, तभी थाना दक्षिण और रसूलपुर क्षेत्र के बॉर्डर पर स्थित पैमेश्वर गेट के पास यह घटना घटी।

तेज रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन पर अचानक बाहर से पत्थर फेंके गए। इनमें से एक भारी पत्थर ट्रेन के एग्जीक्यूटिव क्लास (E-1) कोच की खिड़की पर जाकर लगा। पत्थर की चोट से कोच का बाहरी शीशा (आउटर विंडो ग्लास) बुरी तरह चटक गया। कोच के अंदर बैठे यात्रियों में अचानक हुई इस आवाज से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

जांच के लिए टूंडला जंक्शन पर 7 मिनट रोकी गई ट्रेन

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को तुरंत सूचित किया गया। इसके बाद अगले स्टेशन टूंडला जंक्शन पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के आला अधिकारियों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था।

वैसे तो टूंडला जंक्शन पर शताब्दी एक्सप्रेस का नियमित ठहराव महज 1 मिनट का होता है, लेकिन सुरक्षा कारणों, प्रारंभिक जांच और संघ प्रमुख की सुरक्षा का पूरी तरह आकलन करने के लिए ट्रेन को वहां 7 मिनट तक रोका गया। सुरक्षा बलों से हरी झंडी मिलने और पूरी तसल्ली करने के बाद ही ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया, जहां वह सुरक्षित पहुंच गई।

ADG और DIG पहुंचे मौके पर

हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस के शीर्ष अधिकारी तुरंत एक्शन में आ गए। आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) एस.के. भगत और डीआईजी शैलेंद्र पांडे ने तत्काल फिरोजाबाद पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।

ADG एस.के. भगत ने मीडिया को बताया कि ट्रेन सुरक्षित दिल्ली पहुंच चुकी है और किसी भी यात्री को आंच नहीं आई है। घटना के वक्त संघ प्रमुख मोहन भागवत भी ट्रेन में मौजूद थे, इसलिए मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आदित्य लांग्हे ने मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस की 6 विशेष टीमें, दो क्षेत्राधिकारी (CO), एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम को काम पर लगा दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस प्रशासन परमेश्वर गेट इलाके से लेकर फिरोजाबाद और टूंडला रेलवे स्टेशन के बीच पड़ने वाले सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रहा है ताकि पत्थरबाज की पहचान की जा सके। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे एक्ट और अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जल्द ही इस पूरे मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।

Haryana Weather: हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि