Spider-Man Day 13: दूसरे मंगलवार पलटी बाजी, ‘पठान’, ‘KGF 2’ समेत 10 फिल्मों से निकला आगे

Spider-Man Day 13: दूसरे मंगलवार ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने 8.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर फिर रफ्तार पकड़ी और ‘पठान’, ‘KGF 2’, ‘टाइगर 3’ समेत 10 बड़ी फिल्मों के दूसरे मंगलवार कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया, जानिए फिल्म ने कौन सा नया रिकॉर्ड बनाया और इसकी कुल कमाई कितनी पहुंची

दूसरे मंगलवार पलटी बाजी

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 12, 2026

Spider-Man Day 13: टॉम हॉलैंड और ज़ेंडया स्टारर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के बाद से दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए रखी है। हालांकि दूसरे हफ्ते के वीकडेज में इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली, लेकिन दूसरे मंगलवार को फिल्म ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली। फिल्म ने अपने 12वें दिन यानी पहले सोमवार को सिंगल डिजिट में कमाई की थी। इसके बावजूद इसकी कुल कमाई लगातार मजबूत बनी हुई है। इससे पहले फिल्म ने 12वें दिन एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था और भारत में 500 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई करने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म बनने का दावा किया गया।

Tuesday Box Office: स्पाइडर-मैन’ ने फिर मारी बाजी, ‘ओह माय डॉग’ समेत

दूसरे मंगलवार को फिर बढ़ा कलेक्शन

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की रिलीज के बाद शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त उछाल देखने को मिला। फिल्म ने पहले सप्ताह में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए 334.74 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। दूसरे वीकेंड पर भी फिल्म की कमाई अच्छी रही, लेकिन इसके बाद वीकडेज में कारोबार 10 करोड़ रुपये से नीचे पहुंच गया। 12वें दिन यानी सोमवार को फिल्म ने सभी भाषाओं में करीब 7.60 करोड़ रुपये कमाए। यह पहली बार था जब रिलीज के बाद फिल्म की दैनिक कमाई 10 करोड़ रुपये से नीचे गई। हालांकि, अगले ही दिन फिल्म ने गिरावट से उबरते हुए दोबारा तेजी दिखाई।

13वें दिन कितनी हुई कमाई?

सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के 13वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को भारत में करीब 8.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को फिल्म की कमाई में लगभग 90 लाख रुपये का सुधार देखने को मिला। इसके साथ ही भारत में फिल्म की 13 दिनों की कुल नेट कमाई 431.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

दूसरे मंगलवार कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ा

फिल्म की मंगलवार की कमाई सिर्फ एक दिन के कारोबार तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने कई लोकप्रिय बॉलीवुड फिल्मों के दूसरे मंगलवार के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया। ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने दूसरे मंगलवार करीब 8.50 करोड़ रुपये कमाकर ‘कबीर सिंह’, ‘संजू’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’, ‘पठान’, ‘KGF चैप्टर 2’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘दबंग 2’, ‘धूम 3’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ा। इन फिल्मों में ‘कबीर सिंह’ ने दूसरे मंगलवार 8.31 करोड़, ‘संजू’ ने 8 करोड़ और ‘टाइगर जिंदा है’ ने 7.83 करोड़ रुपये कमाए थे।

10 फिल्मों के दूसरे मंगलवार का रिकॉर्ड पीछे

दूसरे मंगलवार के कलेक्शन के मामले में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने 10 बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ ने 7.67 करोड़, ‘पठान’ ने 7.50 करोड़ और ‘KGF चैप्टर 2’ ने 7.48 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का दूसरे मंगलवार का कलेक्शन 7.06 करोड़, ‘दबंग 2’ का 7 करोड़, ‘धूम 3’ का 6.96 करोड़ और ‘टाइगर 3’ का 6.60 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह मंगलवार की बेहतर कमाई के साथ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने एक बार फिर साबित किया कि दूसरे हफ्ते में भी भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है।

Tuesday Box Office: स्पाइडर-मैन’ ने फिर मारी बाजी, ‘ओह माय डॉग’ समेत