
Shraddha Dubey Arrest: कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में एसटीएफ आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को नागपुर से लखनऊ लेकर पहुंची है। हजरतगंज थाने में पूछताछ के बाद तीनों का मेडिकल कराया जाएगा और फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस शिवा की मौत से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने के साथ ही श्रद्धा की फरारी में मदद करने वालों की भी जांच कर रही है।
नागपुर से लखनऊ पहुंची STF
बताते चले कि, कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर एसटीएफ गुरुवार सुबह लखनऊ पहुंच गई। उसके साथ इस मामले में आरोपी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों को मंगलवार को नागपुर से पकड़ा था। लखनऊ पहुंचने के बाद सबसे पहले उन्हें हजरतगंज थाने ले जाया गया।

मीडिया के कैमरों से बचाने के लिए पुलिस ने तीनों को गाड़ी से उतारते ही तेजी से थाने के अंदर पहुंचाया। उनके चेहरे भी नकाब और रुमाल से ढके हुए थे। अब एसटीएफ तीनों को लखनऊ पुलिस के हवाले करेगी, जिसके बाद उनसे मामले को लेकर विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
मेडिकल के बाद कोर्ट में होगी पेशी
श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश से पूछताछ के बाद पुलिस तीनों का मेडिकल कराने की तैयारी में है। इसके लिए झलकारी बाई अस्पताल ले जाने की बात सामने आई है। मेडिकल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में नागपुर कोर्ट ने आरोपियों की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी है। ऐसे में तय समय के भीतर उन्हें संबंधित अदालत में पेश करना जरूरी है। पुलिस श्रद्धा दुबे से आगे की पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी मांग सकती है। अगर अदालत से पुलिस को रिमांड मिलती है, तो शिवा की मौत से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब तलाशने में मदद मिल सकती है।
9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को हुई थी। वह श्रद्धा दुबे के चौथी मंजिल पर बने फ्लैट से नीचे गिर गया था। इसके बाद शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और दो अन्य लोगों समेत चार लोगों पर बेटे को नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एफआईआर दर्ज होने के बाद श्रद्धा दुबे फरार हो गई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। इस दौरान कुछ वीडियो और ऑडियो सामने आए, जिनसे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हुए। पुलिस ने श्रद्धा की गिरफ्तारी पर पहले 25 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आखिरकार, वारदात के 12वें दिन यानी 20 अक्टूबर को एसटीएफ ने उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस तलाश रही इन सवालों के जवाब
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि शिवा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी और उस दिन फ्लैट में क्या-क्या हुआ था। जांच के दौरान सामने आए कुछ तथ्य भी पुलिस के लिए अहम हैं। बताया गया है कि गिरने के समय शिवा केवल अंडरवियर में था। उसके चेहरे पर लिपस्टिक और शरीर पर सिगरेट से जलाने जैसे निशान होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस तलाश रही इन सवालों के जवाब
पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। श्रद्धा से पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश होगी कि शिवा के साथ आखिरी समय में क्या हुआ था और इस मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। हालांकि, इन आरोपों और परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मददगारों की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस अब श्रद्धा दुबे के फरार रहने के दौरान उसकी मदद करने वाले लोगों का पता लगाने में जुटी है। फरारी के दौरान जारी किए गए वीडियो में श्रद्धा ने जिन लोगों के नाम लिए थे, उनकी भूमिका भी जांची जा सकती है। पुलिस ऐसे लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी। फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता शिवा शर्मा की मौत की पूरी घटना को समझना, सबूत जुटाना और आरोपियों से पूछताछ करना है। श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।











