UP Politics: बृजभूषण परिवार में एक और सियासी चेहरा? बेटी शालिनी ने राजनीति में एंट्री को लेकर दिया बड़ा संकेत

बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने राजनीति में सक्रिय होने के संकेत दिए हैं। बुलंदशहर के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर किसी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है तो वह तैयार हैं। करीब 15 वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय शालिनी के बयान से यूपी की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 8, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही न हुआ हो, लेकिन सभी राजनीतिक दल पूरी तरह से सक्रिय हो गए है. सभी दलों ने जीत हासिल करने के लिए अपनी-अपनी रणनीति पर काम करना शुरु कर दिया है. इस बीच यूपी की कैसरगंज लोकसभा सीट से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने राजनीति में सक्रिय होने की इच्छा जाहिर की है.

यूपी की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज

बताते चले कि, बुलंदशहर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. शालिनी सिंह ने साफ संकेत दिया कि वह अब राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए तैयार हैं.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शालिनी सिंह ने कहा कि राजनीति में पहचान केवल किसी पार्टी या चुनावी टिकट से नहीं बनती, बल्कि सही नेतृत्व और जनता के लिए किए गए काम से बनती है. उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है, तो वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं.

शालिनी सिंह के राजनीतिक बयान से यूपी में बढ़ी हलचल

आपको बता दे कि, शालिनी सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में परिवार आधारित राजनीतिक विरासत और आगामी चुनावों को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं. हालांकि उन्होंने किसी विशेष पार्टी या सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके बयान को सक्रिय राजनीति में प्रवेश की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में वह किसी एक पार्टी या विपक्ष के आधार पर काम करने में विश्वास नहीं रखतीं। उनके मुताबिक, जरूरी यह है कि समाज और जनता से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाई जाए।

सामाजिक क्षेत्र में 15 साल से सक्रिय हैं शालिनी सिंह

आपको बता दे कि, कार्यक्रम के दौरान शालिनी सिंह ने अपने सामाजिक कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से नोएडा में सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कार्यों में सक्रिय रही हैं. इसी अनुभव के आधार पर अब वह भारतीय राजनीति में अपनी भूमिका तलाशना चाहती हैं.

उन्होंने कहा कि जब भी समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आते हैं, वह अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटतीं। उन्होंने यूजीसी से जुड़े मामलों समेत विभिन्न सामाजिक मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि सही मुद्दों पर आवाज उठाना जरूरी है।

बृजभूषण शरण सिंह का परिवार पहले से राजनीति में सक्रिय

दरअसल, शालिनी सिंह की राजनीति में एंट्री की चर्चा इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि उनका पूरा परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से छह बार सांसद रह चुके हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं।

UP Politics

उनके बड़े भाई प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि छोटे भाई कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद हैं। उनकी मां केतकी देवी भी सांसद रह चुकी हैं। ऐसे में शालिनी सिंह का राजनीति में सक्रिय होने का संकेत परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ससुराल पक्ष की भी है मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि

शालिनी सिंह का ससुराल पक्ष भी राजनीति से जुड़ा रहा है। उनकी शादी बिहार के आरा से पूर्व सांसद अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के इकलौते बेटे विशाल से हुई है। यानी मायके और ससुराल दोनों परिवारों में राजनीतिक पृष्ठभूमि होने के कारण उनका राजनीति में प्रवेश और भी चर्चा में आ गया है।

शालिनी सिंह फिलहाल अपने परिवार के साथ नोएडा में रहती हैं। वह आरएसएस की महिला शाखा से भी जुड़ी हुई बताई जाती हैं। सामाजिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रहने के बाद अब उनके राजनीतिक मैदान में उतरने के संकेत ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

क्या शालिनी सिंह लड़ेंगी चुनाव?

शालिनी सिंह ने अभी किसी राजनीतिक दल, लोकसभा सीट या विधानसभा क्षेत्र को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है। हालांकि उनका यह कहना कि शीर्ष नेतृत्व चुनाव लड़ने को कहेगा तो वह तैयार हैं, उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों को हवा दे रहा है।

अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या शालिनी सिंह जल्द ही औपचारिक तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रखती हैं और क्या उन्हें किसी चुनाव में मैदान में उतारा जाता है। फिलहाल उनके बयान ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि शालिनी सिंह राजनीति में एंट्री को लेकर गंभीरता से विचार कर रही हैं।

2