UP News: PM मोदी की 25 साल की जनसेवा का मेगा अभियान, 17 सितंबर से यूपी में होगा बड़ा आयोजन

उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी है। 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने के साथ 25 लाख वास्तविक लाभार्थी कहानियां रील के जरिए सामने लाई जाएंगी।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 10, 2026

UP News: लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनसंकल्प बनाने पर जोर रहेगा।

4.19 करोड़ परिवार और 15.74 करोड़ लाभार्थी अभियान से जुड़ेंगे

UP News
17 सितंबर से यूपी में होगा बड़ा आयोजन

बताते चले कि, मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें व्यापक जनभागीदारी होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 0.68 करोड़ शहरी परिवार शामिल हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का डेटा बैंक भी तैयार किया गया है।

17 सितंबर को सेवा दिवस से होगी अभियान की शुरुआत

आपको बता दे कि, अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। सेवा गतिविधियों के साथ शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। लाभार्थी परिवारों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। इसी दिन विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधानसभाओं में विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे।

स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से जोड़ने की कोशिश होगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।

नुक्कड़ नाटक से गांव-गांव पहुंचेगी सेवा और विकास की कहानी

‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों के जरिए 25 वर्षों की सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। संस्कृति विभाग हर जिले में कलाकारों की टोलियां तैयार करेगा, जिनके माध्यम से गांवों और शहरों में प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

25 लाख लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां होंगी डिजिटल

अभियान के डिजिटल हिस्से में ‘सेवा की कहानी’ के तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की 60 सेकंड की वास्तविक कहानियां रील के माध्यम से सामने लाई जाएंगी। आवास, स्कूल, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाओं के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी दिखाई जाएंगी।

150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स दिखाएंगे उत्तर प्रदेश का बदलाव

‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ के तहत 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स को प्रदेश की प्रमुख विकास परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा। प्रेरणा स्थल, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, बीआईडीए झांसी, राम मंदिर, काशी कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर जैसे स्थलों के जरिए विकास का ‘पहले और बाद’ का स्वरूप सामने रखने की योजना है।

सेवा ज्योति कलश यात्रा से होगा विकसित भारत का संकल्प

7 अक्टूबर को जिलों में सेवा ज्योति, पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इस दौरान ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा और प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण होगा।

वाराणसी से वडनगर तक पहुंचेगा जल और सेवा संकल्प

अभियान के तहत वाराणसी से 250 बाइक और 500 यात्रियों के साथ गंगाजल लेकर वडनगर जाने की योजना है। 20 टोलियां अलग-अलग मार्गों से यात्रा करेंगी। दोनों स्थानों के पवित्र जल से काशी विश्वनाथ और वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के दौरान जनसंवाद और सरकारी योजनाओं का प्रचार भी होगा।

रक्तदान से स्वच्छता तक 25 सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, जल संरक्षण, नशामुक्ति, पोषण और साइबर सुरक्षा समेत 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर माई भारत पोर्टल पर फोटो या वीडियो अपलोड करने वालों को डिजिटल प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।

सेवा शिविरों में एक जगह मिलेगी योजनाओं की जानकारी

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन और स्वीकृति से जुड़ी प्रक्रिया एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।

17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ समापन

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। ग्राम प्रधान से लेकर सांसद तक जनप्रतिनिधि एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल का सम्मान करेंगे और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लेंगे।

युवाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा

अभियान के तहत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में युवा, विद्यार्थी, स्टार्टअप और इनोवेटर्स नए समाधान प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा प्रमुख स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर ‘नमो सेवा’ थीम पर लेजर शो, तीर्थस्थलों पर महायज्ञ, पुस्तकालयों का लोकार्पण और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपालों का आयोजन भी होगा।

योगी बोले- सेवा से संकल्प की यात्रा बने अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनसंकल्प में बदलने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सेवा गतिविधियों, विकास कार्यों, लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों और युवाओं की भागीदारी को जोड़कर अभियान को व्यापक रूप देने के निर्देश दिए।