South Africa vs Australia: रिकल्टन और मुल्डर के शतकों से पलटा मैच, ऑस्ट्रेलिया को 288 रन की चुनौती

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे निर्णायक टेस्ट में मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। दूसरी पारी में रयान रिकेल्टन और वियान मुल्डर के शानदार शतकों ने मेजबान टीम की वापसी करा दी। दक्षिण अफ्रीका ने 387 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 288 रन का लक्ष्य दिया है। अब देखना होगा कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज इस चुनौती को पार कर पाते हैं या नहीं।

South Africa vs Australia

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अक्टूबर 31, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

South Africa vs Australia : केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा तीसरा और निर्णायक टेस्ट मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। चौथे दिन मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 288 रनों का लक्ष्य रख दिया। एक समय टीम मुश्किल में थी और उसके चार विकेट गिर चुके थे, लेकिन रेयान रिकल्टन और वियान मुल्डर के शानदार शतकों ने मुकाबले का रुख बदल दिया। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 387 रन पर समाप्त हुई। अब सीरीज जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को पांचवें दिन यह लक्ष्य हासिल करना होगा।

रिकल्टन और मुल्डर ने संभाली दक्षिण अफ्रीका की पारी

चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी को चार विकेट पर 140 रन से आगे बढ़ाया। उस समय टीम के पास केवल 40 रनों की बढ़त थी। मैथ्यू ब्रीट्जके और रेयान रिकल्टन क्रीज पर मौजूद थे। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन 181 रन के कुल स्कोर पर ब्रीट्जके 43 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वियान मुल्डर बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने रिकल्टन के साथ मिलकर पारी को मजबूती दी।

रिकल्टन ने 218 गेंदों में पूरा किया शतक

रिकल्टन और मुल्डर ने छठे विकेट के लिए शानदार साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया। रिकल्टन ने 218 गेंदों में 12 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया। दोनों के बीच 154 रनों की अहम साझेदारी हुई। करीब 54 ओवर तक चली इस साझेदारी ने दक्षिण अफ्रीका को संकट से बाहर निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 335 रन के स्कोर पर रिकल्टन 101 रन बनाकर रन आउट हो गए।

मुल्डर ने आखिरी विकेट तक जारी रखा संघर्ष

रिकल्टन के आउट होने के बाद भी मुल्डर ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। मार्को यानसेन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि साइमन हार्मर और गेराल्ड कोएत्जी भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। महज 16 रनों के भीतर दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल समय में मुल्डर को कगिसो रबाडा का साथ मिला। दोनों ने दसवें विकेट के लिए 36 रन जोड़े।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

204 गेंदों में मुल्डर ने जड़ा शानदार शतक

मुल्डर ने धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 204 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनकी पारी में 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। पैट कमिंस ने मुल्डर को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी समाप्त की। मुल्डर ने 115 रन बनाए, जबकि रबाडा दो रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 387 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। पैट कमिंस और नाथन लॉयन को दो-दो विकेट मिले, जबकि जोश हेजलवुड ने एक विकेट लिया।

ऑस्ट्रेलिया के सामने सीरीज जीतने के लिए 288 रन की चुनौती

दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी की बढ़त के बाद ऑस्ट्रेलिया को 288 रनों का लक्ष्य दिया है। पांचवें और आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया के पास सीरीज 2-1 से जीतने का मौका होगा। हालांकि, केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर चौथी पारी में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के नाम है। टीम ने 2002 में इसी मैदान पर 331 रन बनाकर जीत दर्ज की थी। ऐसे में कंगारू टीम इस रिकॉर्ड से प्रेरणा ले सकती है।

पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर बन सकते हैं बड़ा खतरा

मुकाबले के आखिरी दिन पिच से स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद है। इसका फायदा दक्षिण अफ्रीका को मिल सकता है। टीम के पास अनुभवी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर मौजूद हैं, जो तरोताजा हैं और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। अब देखना होगा कि ऑस्ट्रेलिया 288 रनों का लक्ष्य हासिल कर सीरीज अपने नाम करता है या दक्षिण अफ्रीका गेंदबाजी के दम पर मुकाबला जीतकर सीरीज में बाजी मारता है।

2