RPSC Senior Teacher Result: राजस्थान में सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा 2025 के सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विचारित सूची में 1217 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और पात्रता जांच के लिए अस्थायी रूप से शामिल किया गया है। वहीं, परीक्षा में निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण 880 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विचारित सूची में नाम आने का मतलब अंतिम चयन नहीं है। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
SSC CHSL 2025 Final Result: एसएससी सीएचएसएल 2025 का
1217 अभ्यर्थियों को भरना होगा विस्तृत आवेदन फॉर्म
RPSC के अनुसार, विचारित सूची में शामिल सभी 1217 उम्मीदवारों को ऑनलाइन विस्तृत आवेदन पत्र भरना अनिवार्य है। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से राजस्थान के एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर संबंधित भर्ती के लिए आवेदन करना होगा। विस्तृत आवेदन पत्र भरने की सुविधा 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों को 21 अक्टूबर की रात 11:59 बजे तक अपना आवेदन जमा करना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे फॉर्म में सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें और आवेदन जमा करने से पहले विवरण की जांच कर लें।
शिक्षा विभाग करेगा दस्तावेजों का सत्यापन

विचारित सूची में शामिल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच राजस्थान लोक सेवा आयोग के बजाय संबंधित माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से की जाएगी। विभाग अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की तारीख, समय और स्थान के बारे में जानकारी देगा। सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को अपने विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियां, सभी मूल दस्तावेज और उनकी स्वयं सत्यापित प्रतियां साथ लेकर उपस्थित होना होगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को संबंधित विभाग की ओर से जारी निर्देशों और सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए।
सत्यापन में शामिल नहीं होने पर रद्द हो सकती है पात्रता
आयोग के अनुसार, निर्धारित तारीख पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों की उम्मीदवारी या पात्रता रद्द की जा सकती है। इसके अलावा, यदि कोई अभ्यर्थी भर्ती विज्ञापन में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव या अन्य पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करता है, तो उसे भी अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभाग पात्र उम्मीदवारों की सूची आयोग को भेजेगा। इसके बाद आयोग अंतिम परिणाम जारी करेगा और चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग को भेजे जाएंगे।
880 उम्मीदवारों को क्यों किया गया अयोग्य?

RPSC ने सामाजिक विज्ञान परीक्षा में 880 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित करने की वजह भी स्पष्ट की है। परीक्षा के नियमों के अनुसार, प्रत्येक प्रश्न के लिए दिए गए पांच विकल्पों में से एक विकल्प चुनना जरूरी था। जिन उम्मीदवारों ने 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में पांच विकल्पों में से किसी भी विकल्प का चयन नहीं किया, उन्हें निर्धारित नियमों के तहत अयोग्य माना गया। आयोग ने इसी प्रावधान के आधार पर इन उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित किया है।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा के सामाजिक विज्ञान विषय में विचारित सूची में शामिल अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विस्तृत आवेदन पत्र भरना चाहिए। साथ ही, अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी दस्तावेजों को पहले से तैयार रखना चाहिए। अंतिम चयन दस्तावेज सत्यापन और निर्धारित पात्रता शर्तों के पूरा होने पर ही निर्भर करेगा।










