Rohit Shetty House Firing: मुंबई में बॉलीवुड से जुड़ी एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर बीती रात फायरिंग की गई, जिससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर और चिंता का माहौल बन गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके घर की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर भारी संख्या में बल तैनात कर दिया है।
रात में चलीं गोलियां, मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त रोहित शेट्टी घर के अंदर ही मौजूद थे, लेकिन उन्हें किसी तरह की चोट या नुकसान नहीं हुआ। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
सलमान खान केस से जुड़ा है तार
इस घटना ने सभी को चौंका दिया क्योंकि जांच में सामने आया कि यह वही गैंग है, जिसने पहले अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की थी। पिछले साल सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाई थीं। उस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर रोहित गोदारा को आरोपी बताया था और इसके पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था।
बिश्नोई गैंग ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी

अब रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए शुभम लोनकर ने, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है, इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की। पोस्ट में आरजू बिश्नोई और हरी बॉक्सर उर्फ हरमन संदू के नाम का भी जिक्र किया गया है।
धमकी भरा पोस्ट और बॉलीवुड को चेतावनी
धमकी भरी पोस्ट में लिखा गया कि उन्होंने रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज भेजकर अपने काम में दखल न देने की चेतावनी दी थी, लेकिन जब बात नहीं मानी गई तो यह “छोटा सा ट्रेलर” दिखाया गया। पोस्ट में खुले तौर पर धमकी दी गई कि अगर आगे भी उनकी बात नहीं मानी गई, तो अगली बार हमला घर के बाहर नहीं बल्कि अंदर, यहां तक कि बेडरूम तक किया जाएगा। इतना ही नहीं, पोस्ट में पूरे बॉलीवुड को भी चेतावनी दी गई कि समय रहते सुधर जाएं, वरना अंजाम बेहद बुरा होगा।
बाबा सिद्दीकी का भी किया जिक्र
पोस्ट में बाबा सिद्दीकी का नाम लेते हुए यह भी लिखा गया कि अगर बात नहीं मानी गई तो उनसे भी बुरा हाल किया जाएगा। साथ ही जिन लोगों को फोन या मैसेज किए गए हैं, उन्हें समय रहते “लाइन पर आने” की धमकी दी गई है। पोस्ट के आखिर में लिखा गया, “एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा।”
पुलिस जांच में जुटी
इस पूरे मामले के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर हैं। सोशल मीडिया पोस्ट, कॉल डिटेल्स और गैंग से जुड़े लोगों की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलेब्स की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। यह घटना एक बार फिर बॉलीवुड से जुड़े लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
आलिया भट्ट का बड़ा खुलासा: सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करने का रोज आता है ख्याल










