RCB Brand Value Report: RCB ने बदली अपनी पहचान, IPL ट्रॉफी के बाद अब ब्रांड वैल्यू में भी नंबर-1

RCB Brand Value Report: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL ट्रॉफी जीतने के बाद अब बिजनेस जगत में भी बड़ा इतिहास रच दिया है। 300 मिलियन डॉलर से ज्यादा ब्रांड वैल्यू हासिल कर RCB सबसे मूल्यवान क्रिकेट टीम बन गई है। आखिर कैसे बदली टीम की पहचान, जानिए पूरी कहानी।

IPL ट्रॉफी के बाद अब ब्रांड वैल्यू में भी नंबर-1

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 30, 2026

RCB Brand Value Report: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने क्रिकेट मैदान के बाद अब बिजनेस की दुनिया में भी एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। आईपीएल 2025 और 2026 की लगातार चैंपियन बनने वाली RCB अब दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है।

2026 की ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के अनुसार, RCB की मौजूदा ब्रांड वैल्यू 312 मिलियन डॉलर आंकी गई है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2,985 करोड़ रुपये के बराबर है। यह उपलब्धि टीम के लिए बेहद खास है, क्योंकि 17 साल तक आईपीएल खिताब का इंतजार करने के बाद अब फ्रेंचाइजी ने मैदान और व्यापार दोनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

CWG 2026: दिलीप गावित ने जीता गोल्ड, मुरली श्रीशंकर ने रचा इतिहास

एक साल में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी

फाइनेंशियल एडवाइजरी फर्म Houlihan Lokey की रिपोर्ट के मुताबिक, RCB की ब्रांड वैल्यू पिछले साल 269 मिलियन डॉलर थी। एक साल के अंदर इसमें करीब 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। RCB लगातार दूसरे साल आईपीएल की सबसे मूल्यवान टीम बनी हुई है। टीम की लोकप्रियता, डिजिटल पहुंच, फैन बेस और हालिया खिताबी सफलता को ब्रांड वैल्यू बढ़ने की बड़ी वजह माना जा रहा है।

IPL की कुल वैल्यूएशन में भी जबरदस्त उछाल

रिपोर्ट में बताया गया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की बिजनेस एंटरप्राइज वैल्यू में भी शानदार बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल की तुलना में लीग की कुल एंटरप्राइज वैल्यू 11.4 प्रतिशत बढ़कर 20.6 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। वहीं, आईपीएल की स्टैंड-अलोन ब्रांड वैल्यू में भी 10.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह बढ़कर 4.3 अरब डॉलर हो गई है। पिछले तीन वर्षों में आईपीएल की ब्रांड वैल्यू में करीब 1.1 अरब डॉलर का इजाफा दर्ज किया गया है।

मुंबई इंडियंस और KKR भी टॉप टीमों में शामिल

ब्रांड वैल्यू के मामले में RCB के बाद दूसरे स्थान पर पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) है। मुंबई इंडियंस की ब्रांड वैल्यू 264 मिलियन डॉलर आंकी गई है। इस सूची में तीसरे स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 245 मिलियन डॉलर है। वहीं, पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) चौथे स्थान पर है। CSK की ब्रांड वैल्यू 244 मिलियन डॉलर दर्ज की गई है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर IPL की बढ़ती लोकप्रियता

आईपीएल की बढ़ती लोकप्रियता में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण रही है। जियोहॉटस्टार के आंकड़ों के अनुसार, आईपीएल 2026 का प्रसारण 1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा। डिजिटल माध्यम पर दर्शकों की संख्या में करीब 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, पारंपरिक टेलीविजन रेटिंग में 18.8 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

ICC ODI Rankings : शुभमन गिल बने ICC वनडे रैंकिंग के नंबर-1 बल्लेबाज, मिचेल को पीछे छोड़ा

RCB की सफलता ने बदली फ्रेंचाइजी की पहचान

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लंबे समय तक आईपीएल की लोकप्रिय लेकिन खिताब से दूर रहने वाली टीमों में गिनी जाती थी। अब लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने के बाद टीम ने अपनी पहचान को पूरी तरह बदल दिया है। मैदान पर शानदार प्रदर्शन और मैदान के बाहर मजबूत ब्रांड रणनीति के चलते RCB क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी और मूल्यवान फ्रेंचाइजी में शामिल हो गई है।