
RBI Recruitment 2026: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में नौकरी की तलाश कर रहे फार्मेसी योग्यताधारी उम्मीदवारों के लिए अवसर सामने आया है। बैंक ने संविदा के आधार पर फार्मासिस्ट के 22 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को प्रति घंटे 600 रुपये का पारिश्रमिक दिया जाएगा। भर्ती मुंबई और नवी मुंबई स्थित आरबीआई की डिस्पेंसरियों के लिए की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन की आखिरी तारीख और प्रक्रिया

इस भर्ती के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 3 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार डाक के माध्यम से या स्वयं उपस्थित होकर आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित पते पर शाम 5 बजे तक पहुंच जाना चाहिए। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन भेजने से पहले बैंक की आधिकारिक अधिसूचना ध्यान से पढ़ लें। आवेदन निर्धारित प्रारूप में ही स्वीकार किए जाएंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
फार्मासिस्ट के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का मैट्रिक यानी 10वीं पास या उसके समकक्ष होना जरूरी है। इसके अतिरिक्त किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से फार्मेसी में डिप्लोमा या बैचलर ऑफ फार्मेसी (बीफार्मा) की डिग्री होनी चाहिए। उम्मीदवार का फार्मेसी अधिनियम, 1948 के तहत पंजीकृत होना भी अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदक का महाराष्ट्र राज्य फार्मेसी परिषद में पंजीकरण होना चाहिए। उम्मीदवार के पास फार्मेसी के क्षेत्र में कम से कम दो साल का कार्य अनुभव भी मांगा गया है। सरकारी बैंक या सरकारी संस्थान में पहले काम कर चुके अभ्यर्थियों को चयन में वरीयता दी जा सकती है।
कितनी मिलेगी सैलरी?
इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें वेतन के बजाय प्रति घंटे के हिसाब से पारिश्रमिक दिया जाएगा। चयनित फार्मासिस्ट को हर घंटे 600 रुपये मिलेंगे। यदि किसी उम्मीदवार से एक दिन में पांच घंटे काम लिया जाता है, तो उसे उस दिन के लिए 3,000 रुपये तक मिल सकते हैं। हालांकि, वास्तविक भुगतान किए गए काम के घंटों के आधार पर होगा। बैंक की ओर से इस संविदा नियुक्ति में अलग से भत्ते देने का प्रावधान नहीं है। नियुक्ति एक बार में अधिकतम 240 दिनों के लिए होगी। जरूरत के अनुसार फार्मासिस्ट को काम पर बुलाया जाएगा। यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी और इससे आरबीआई में स्थायी या अस्थायी पद पर नियुक्ति का अधिकार नहीं मिलेगा।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?

उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और संबंधित बैंक डिस्पेंसरी से उनके निवास स्थान की दूरी जैसे मानकों के आधार पर किया जाएगा। आरबीआई या अन्य सरकारी संस्थानों में काम करने के अनुभव को भी महत्व दिया जा सकता है। प्रारंभिक छंटनी के बाद पात्र उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। चयन प्रक्रिया में मेडिकल जांच और दस्तावेजों का सत्यापन भी शामिल रहेगा।
कहां भेजना होगा आवेदन?
आवेदन सीलबंद लिफाफे में क्षेत्रीय निदेशक, मानव संसाधन प्रबंधन विभाग, भर्ती अनुभाग, भारतीय रिजर्व बैंक, मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय, शहीद भगत सिंह रोड, फोर्ट, मुंबई-400001 के पते पर भेजना होगा। लिफाफे पर निर्धारित प्रति घंटा पारिश्रमिक के साथ संविदा आधार पर फार्मासिस्ट पद के लिए आवेदन लिखना जरूरी है। आवेदन अधिसूचना के अनुलग्नक-1 में दिए गए प्रारूप में ही भरें। गलत प्रारूप में भेजे गए आवेदन रद्द किए जा सकते हैं। आवेदन करने से पहले आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती की शर्तों और दस्तावेजों की पुष्टि अवश्य करें।











