Ranchi Protest: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर सियासत, अभिजीत दीपके ने राजनीतिक दलों को घेरा

सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।

Ranchi Protest

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 10, 2026

Ranchi Protest: झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी (JPSC), जेएसएससी (JSSC) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही व्यापक अनियमितताओं के खिलाफ विधानसभा मार्च कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत दीपके ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर झारखंड में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के खिलाफ इतनी बेरहमी से पुलिस बल का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है?

Air India Flight Incident: फुकेट से दिल्ली आ रही Air India फ्लाइट में हड़कंप

राजनीतिक दलों और छात्रों के साथ दोहरे मापदंड का आरोप

अभिजीत दीपके ने अपनी बात रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब विभिन्न राजनीतिक दल अपनी रोटियां सेकने के लिए राज्य में विरोध-प्रदर्शन या रैलियां करते हैं, तब आमतौर पर पुलिस को उन पर लाठीचार्ज करते हुए या आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए नहीं देखा जाता है।

फिर ऐसा क्या कारण है कि जब देश और राज्य का भविष्य कहे जाने वाले युवा और छात्र अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो प्रशासन तुरंत उन पर शक्ति प्रदर्शन करने लगता है? उन्होंने दो टूक कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का इस तरह से हनन करना और उन पर बार-बार पुलिस बल का प्रयोग किया जाना पूरी तरह से अनुचित और निंदनीय है।

विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने छोड़े आंसू गैस और वाटर कैनन

रांची में सोमवार (10 अगस्त) को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। छात्रों को विधानसभा से करीब 200 मीटर की दूरी पर रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को कड़े कदम उठाने पड़े। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन (पानी की बौछारें) का इस्तेमाल किया।

इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी छात्र पानी की बौछारें पड़ने के बीच विरोध दर्ज कराते हुए नजर आए, लेकिन जैसे ही छात्रों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए आंसू गैस के कई गोले छोड़े और बेरहमी से लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्रों के चोटिल होने की खबर है।

17 दिनों से जारी है छात्रों का आंदोलन

उल्लेखनीय है कि रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का यह विरोध-प्रदर्शन पिछले 17 दिनों से लगातार जारी है। JPSC-JSSC न्याय मंच के प्रमुख छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले 9 दिनों से आमरण अनशन यानी भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।

आंदोलन कर रहे छात्रों की मुख्य मांगों में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता लाना, व्यवस्था में व्यापक सुधार करना और पूरे मामलों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराना शामिल है। प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हम अपनी आवाज बुलंद करने के लिए विधानसभा तक नहीं पहुंच सकते, तो सरकार को हमारी आवाज किसी भी हाल में सुननी ही होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हमारे साथ ऐसा बर्ताव कर रही है जैसे हम देशद्रोही हों, जबकि हमें अपनी जायज मांगों के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया गया है। छात्रों का यह उग्र होता आंदोलन अब सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

राजस्थान OBC रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, चार जातियों के पास 78% सरकारी नौकरियां