Ramayan Trailer: रामायण ट्रेलर रिलीज होते ही मचा बवाल! शूर्पणखा और सीता के आधुनिक लुक पर भड़के फैंस

रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। फैंस ने फिल्म में रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) और साई पल्लवी (सीता) के आधुनिक कॉस्ट्यूम और ब्लाउज डिजाइन पर सवाल उठाए हैं। नेटिज़न्स इसकी तुलना टीवी सीरियलों से कर रहे हैं, हालांकि फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर उत्साह बरकरार है।

Ramayan Trailer

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 30, 2026

Ramayan Trailer: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड और मेगा-बजट फिल्म ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:15 बजे रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के इस पहले झलक को दर्शकों की ओर से मिलाजुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर से लेकर दिग्गज अभिनेता अरुण तक के अभिनय को फैंस पसंद कर रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही ट्रेलर में नजर आए कुछ किरदारों के कॉस्ट्यूम और आधुनिक फैशन को लेकर सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है और लोग जमकर चुटकी ले रहे हैं।

रकुल प्रीत सिंह के शूर्पणखा लुक पर सोशल मीडिया यूजर्स के ताने

बताते चले कि, फिल्म में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह महत्वपूर्ण किरदार यानी शूर्पणखा की भूमिका निभाती नजर आ रही हैं। ट्रेलर में शूर्पणखा के लुक को काफी बोल्ड, रिवीलिंग और ग्लैमरस दिखाया गया है, जहां उन्हें स्ट्रैपलेस आउटफिट में देखा जा सकता है। वीडियो में रकुल अपना परफेक्ट लुक फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है और उनका जमकर मजाक उड़ाया है। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि त्रेता युग में लिप फिलर कौन करवाता था और ऐसे आधुनिक कपड़े कौन पहनता था?

लारा दत्ता के कैकई लुक और कॉन्ट्रास्ट ब्लाउज पर उड़े मजाक

आपको बता दे कि, फिल्म में रानी कैकई के रूप में नजर आ रही अभिनेत्री लारा दत्ता के लुक को लेकर भी सोशल मीडिया पर खासी चर्चा हो रही है। ट्रेलर के एक दृश्य में लारा वाइन कलर की सिल्क साड़ी और ग्रीन कलर के कॉन्ट्रास्ट ब्लाउज में दिखाई दे रही हैं, जिसके साथ उन्होंने मिडिल पार्टेड हेयरस्टाइल, मांग में सिंदूर और माथे पर लाल बिंदी लगाई हुई है। उनके इस स्टाइल को देखकर एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा कि त्रेता युग में प्लेन सिल्क साड़ी, उस पर हैवी स्टोन वर्क और कॉन्ट्रास्ट ब्लाउज आखिर कौन पहनता था?

माता सीता बनीं साई पल्लवी के लुक पर भी उठे सवाल

वहीं, फिल्म में माता सीता का पवित्र और संवेदनशील किरदार लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी निभा रही हैं। साई पल्लवी को भी ट्रेलर में प्लेन साड़ी और कॉन्ट्रास्ट ब्लाउज पहने हुए देखा गया है, जिसको लेकर यूजर्स लगातार सवाल खड़े कर रहे हैं। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्म के दृश्यों को देखकर मशहूर निर्माता एकता कपूर के टीवी सीरियलों वाली वाइब आ रही है। हालांकि, अधिकांश दर्शकों का यह भी कहना है कि कुल मिलाकर ट्रेलर काफी शानदार और भव्य है, लेकिन साड़ियों का यह पैटर्न त्रेता युग के अनुकूल नहीं लगता है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी स्टार-स्टडेड ‘रामायण’

आपको बता दें कि इस बहुचर्चित फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नितेश तिवारी ने किया है और इसे जाने-माने निर्माता नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की स्टारकास्ट बेहद भारी-भरकम है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा फिल्म में साउथ सुपरस्टार यश शक्तिशाली रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान जी के किरदार में और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। खास बात यह है कि रामानंद सागर की ऐतिहासिक ‘रामायण’ में भगवान राम का अमर किरदार निभाकर घर-घर में पूज्य हुए दिग्गज अभिनेता अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ के रूप में नजर आ रहे हैं।