Rajasthan Nikay Chunav Results: राजस्थान में नगर निकाय चुनावों की मतगणना जारी है। प्रदेश के अलग-अलग नगर निकायों में पार्षद पद के लिए पड़े वोटों की गिनती की जा रही है। कुल 10,167 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए मतगणना हो रही है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) बढ़त बनाए हुए नजर आ रही है, जबकि कांग्रेस भी कई इलाकों में मजबूत प्रदर्शन कर रही है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी भी कई वार्डों में जीत हासिल कर दोनों प्रमुख दलों के समीकरण को प्रभावित कर रहे हैं।
करीब 3000 वार्डों के रुझान सामने आए

अब तक लगभग 3,000 वार्डों के शुरुआती रुझान सामने आ चुके हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी करीब 1,530 वार्डों में आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस लगभग 965 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवार करीब 520 वार्डों में आगे बताए जा रहे हैं। मतगणना आगे बढ़ने के साथ सीटों के आंकड़ों में बदलाव संभव है। शुरुआती रुझानों से बीजेपी को बढ़त जरूर मिली है, लेकिन कांग्रेस भी कई नगर निकायों में बीजेपी को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है।
मंडावरी में कांग्रेस का दमदार प्रदर्शन
मंडावरी नगर पालिका से कांग्रेस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। यहां कांग्रेस ने शुरुआती नतीजों में 6 में से 5 वार्डों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 2, 3, 4, 6 और 7 में जीत हासिल की, जबकि वार्ड नंबर 1 बीजेपी के खाते में गया। डुंगरपुर नगर परिषद में भी कांग्रेस ने शुरुआती दौर में अच्छा प्रदर्शन किया। यहां कांग्रेस प्रत्याशियों ने वार्ड नंबर 3, 5, 6, 7 और 8 में जीत दर्ज की।
राजसमंद में BJP ने जीते तीन वार्ड
राजसमंद में बीजेपी ने शुरुआती नतीजों में अपनी स्थिति मजबूत की है। पार्टी ने अब तक तीन वार्डों में जीत हासिल की है। वार्ड नंबर 1, 5 और 9 बीजेपी के खाते में गए हैं।
करौली में कांग्रेस आगे, निर्दलीयों का भी दबदबा

करौली नगर परिषद में घोषित शुरुआती 10 वार्डों के नतीजों में कांग्रेस ने 5 सीटें जीती हैं। बीजेपी के खाते में 2 सीटें गई हैं, जबकि 3 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
कांग्रेस की ओर से वार्ड 2 में अरमान, वार्ड 3 में सुनील सैनी, वार्ड 4 में मिथलेश सैनी, वार्ड 5 में मुकेश माली और वार्ड 11 में गंगाराम माली ने जीत दर्ज की। बीजेपी के धर्म मीणा और पुष्पेंद्र सैनी ने वार्ड 6 और 7 में जीत हासिल की। वार्ड 1, 8 और 9 में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।
देवली में BJP और निर्दलीयों का बराबर प्रदर्शन

टोंक जिले की देवली नगर पालिका में शुरुआती 6 वार्डों के परिणामों में बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच बराबरी देखने को मिली। बीजेपी ने वार्ड 1, 3 और 5 में जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 2, 4 और 6 निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गए।
चूरू में कांग्रेस ने बनाई बढ़त
चूरू नगर परिषद में पहले राउंड की मतगणना में कांग्रेस ने बढ़त हासिल की। शुरुआती 7 वार्डों में कांग्रेस ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 3 सीटें मिलीं। कांग्रेस की अनिता ने वार्ड 4 में 368 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं साजिद खान ने वार्ड 6 में 291 वोटों से जीत दर्ज की।
वार्ड 1 में बजरंग और वार्ड 5 में कमलेश ने भी कांग्रेस के लिए जीत दर्ज की। बीजेपी की ओर से वार्ड 2 में पूजा सैनी और वार्ड 7 में तारा कंवर विजयी रहीं।
मतगणना जारी, बदल सकते हैं आंकड़े

राजस्थान निकाय चुनाव की मतगणना अभी जारी है। ऐसे में आने वाले रुझानों और घोषित परिणामों के साथ तस्वीर में बदलाव संभव है। फिलहाल बीजेपी बढ़त बनाए हुए है, लेकिन कांग्रेस कई नगर निकायों में मजबूती से मुकाबला कर रही है। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार भी कई वार्डों में अहम भूमिका निभाते दिखाई दे रहे हैं।
Rajasthan News: राजस्थान में स्कूलों के लिए 12,500 करोड़ जारी, CJP बवाल के बाद रांका का बड़ा










