Punjab News: भाजपा ने पंजाब में तेज की संगठन की तैयारी, बीएल संतोष करेंगे नेताओं से संवाद

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर आज पंजाब पहुंचे हैं, जहां वे 24 और 25 अगस्त को पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर रहे हैं।

Punjab News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 24, 2026

Punjab News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पंजाब पहुंचे हैं। 24 और 25 अगस्त को होने वाले इस दौरे के दौरान वह प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा करेंगे और आगामी तैयारियों को लेकर नेताओं व पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे। मोहाली एयरपोर्ट पहुंचने पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश सह-प्रभारी सरदार नरेंद्र सिंह रैना ने उनका स्वागत किया।

बी.एल. संतोष के दौरे को पंजाब भाजपा के संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जोनल स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठकों में स्थानीय भाजपा नेताओं और संगठनात्मक पदाधिकारियों की भागीदारी रहेगी। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करना, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों का आकलन करना और संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करना है।

Punjab News: पंजाब में घट रहा गन्ने का उत्पादन, छह साल में 7.74 फीसदी की

24 अगस्त को पटियाला और बठिंडा में बैठकें

दौरे के पहले दिन यानी 24 अगस्त को बी.एल. संतोष पटियाला और बठिंडा में जोनल बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। पटियाला में होने वाली बैठक में मोहाली, पटियाला उत्तर, पटियाला शहरी, पटियाला दक्षिण, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।

इसके बाद बठिंडा में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें बरनाला, मानसा, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फरीदकोट के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ स्थानीय स्तर पर पार्टी की तैयारियों और समन्वय को बेहतर बनाने पर चर्चा होगी।

25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में मंथन

दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला लुधियाना से शुरू होकर जालंधर और अमृतसर तक चलेगा। लुधियाना की बैठक में लुधियाना ग्रामीण, लुधियाना शहरी, मोगा, जगरांव, खन्ना, मलेरकोटला और रोपड़ के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

इसके बाद जालंधर में होने वाली बैठक में जालंधर उत्तर, जालंधर शहरी, जालंधर दक्षिण, होशियारपुर शहरी, होशियारपुर ग्रामीण, नवांशहर और कपूरथला से जुड़े पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

अमृतसर में होगी अंतिम जोनल बैठक

दो दिवसीय दौरे की अंतिम जोनल बैठक अमृतसर में होगी। इसमें अमृतसर शहरी, अमृतसर ग्रामीण-1 और ग्रामीण-2, तरनतारन, गुरदासपुर, बटाला, पठानकोट और फिरोजपुर के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ अलग बैठक भी प्रस्तावित है।

बी.एल. संतोष के इस दौरे का उद्देश्य पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की जमीनी गतिविधियों की समीक्षा करना है। बैठकों के माध्यम से स्थानीय पदाधिकारियों से फीडबैक लेने के साथ संगठन के बीच बेहतर तालमेल और आगामी गतिविधियों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

Punjab SIR : पंजाब SIR को लेकर नवदीप सूरी ने जताई नाराजगी, नागरिकता दस्तावेजों पर सवाल