
PM Modi Gujarat Visit: गुजरात के बनासकांठा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह जीवन के अंतिम क्षण तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। उनका यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी के कुछ दिनों बाद आया है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर अफवाह फैलाने और किसानों को लेकर भ्रम पैदा करने का आरोप भी लगाया।
पीएम मोदी बोले- आखिरी सांस तक भारत के लोगों की सेवा करूंगा
बताते चले कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक भविष्य और देश की सेवा को लेकर बड़ा बयान दिया है। गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक भारत के लोगों की सेवा करते रहेंगे। पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक टिप्पणी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव चल रहा है।

दरअसल, खरगे ने बिहार के पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बारे में विवादित टिप्पणी की थी। अब पीएम मोदी ने सीधे खरगे का नाम लिए बिना अपनी बात रखी और जनता की सेवा को अपना संकल्प बताया।
14 हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दौरे पर बनासकांठा पहुंचे थे। यहां भिलडी में उन्होंने ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने विकास कार्यों के साथ-साथ देश की मौजूदा चुनौतियों और विपक्ष की राजनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को देश मुश्किल दौर से गुजरता हुआ देखकर खुशी होती है। ऐसे लोग जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं।
खरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर क्यों मचा था विवाद?

पूरा विवाद 25 अक्टूबर 2026 को बिहार की राजधानी पटना में शुरू हुआ था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा।’इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा था, ‘मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।’ उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार का अपमान करने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई।

PM मोदी ने विपक्ष पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप
बनासकांठा की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने के लिए जनता के बीच अफवाह फैलाते हैं। उन्होंने ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान विपक्ष ने यह भ्रम फैलाने की कोशिश की कि किसानों को खाद नहीं मिलेगी और आम लोगों को एलपीजी सिलेंडर की परेशानी होगी।
पीएम मोदी के मुताबिक, विपक्ष का मकसद देश की समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि उनके नाम पर राजनीति करना है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार हर मुश्किल परिस्थिति में जनता के हितों को प्राथमिकता देती रही है।
पीएम किसान सम्मान निधि और किसानों के कल्याण पर क्या बोले मोदी?

प्रधानमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर भी अपनी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण खाद की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई, लेकिन सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। पीएम मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे किसानों को अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक मदद देकर उन्हें मजबूत बनाना है।
खरगे के बयान पर अमित शाह ने भी कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि प्रधानमंत्री के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके खरगे ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं। शाह ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने खरगे की टिप्पणी को इसी राजनीतिक रवैये का हिस्सा बताया।
वहीं, कांग्रेस ने खरगे का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने पटना के कार्यक्रम में हुई हूटिंग और टोका-टाकी के जवाब में यह टिप्पणी की थी। अब गुजरात में पीएम मोदी के बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है।











