PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 फरवरी को इजरायल के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और इजरायल के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना है। दोनों देश मिलकर नई रक्षा तकनीक और सुरक्षा प्रणालियों पर काम बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। दौरे के दौरान सुरक्षा सहयोग को लेकर एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन होने की उम्मीद है। हालांकि इस दौर में कोई बड़ा रक्षा सौदा साइन होने की संभावना कम है, क्योंकि दोनों देशों के बीच पहले से ही रक्षा सहयोग सक्रिय है। आने वाले वर्षों में इस सहयोग की कुल कीमत लगभग 10 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।
रोते-बिलखते दिखे पाकिस्तानी सैनिक, BLA के वीडियो ने खोली अंदर की सच्चाई
नई रक्षा तकनीक में सहयोग
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल भारत को नई और उन्नत रक्षा तकनीक प्रदान करने के लिए तैयार है। इस तकनीक में लेजर आधारित डिफेंस सिस्टम, लंबी दूरी की मिसाइलें और ड्रोन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस बार इजरायल ऐसी तकनीक साझा कर सकता है जो पहले भारत को नहीं दी गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी और इजरायल के नेतृत्व में दोनों देश एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम पर भी सहयोग कर सकते हैं। यह परियोजना भारत के मिशन सुदर्शन का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश को दुश्मन की लंबी दूरी की मिसाइलों से सुरक्षा प्रदान करना है। इजरायल के पास एरो, डेविड स्लिंग और आयरन डोम जैसे मजबूत रक्षा सिस्टम हैं, जिन्हें भारत के सुरक्षा ढांचे में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
लंबी दूरी के हथियारों की संभावित खरीद
भारत लंबी दूरी की मिसाइलों और ऐसे उन्नत ड्रोन की खरीद पर भी विचार कर रहा है, जो दुश्मन की सीमा के भीतर तक मार करने में सक्षम हों। भारत पहले भी रैंपेज मिसाइल और अन्य हथियारों का इस्तेमाल कर चुका है। इसके अलावा भारतीय नौसेना भी अपने जहाजों की सुरक्षा के लिए बराक मिसाइल सिस्टम के नए वर्जन को शामिल करने की योजना बना रही है।
अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग
रक्षा और सुरक्षा के अलावा, भारत और इजरायल विज्ञान, कृषि, साफ पानी और नई तकनीक जैसे क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ समान दृष्टिकोण रखते हैं और पीएम मोदी तथा इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच अच्छे और स्थिर संबंध माने जाते हैं।









