Priyanka Chaturvedi on PM Modi Record: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रधानमंत्री पद पर सबसे लंबे समय तक बने रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून 2026 को पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के 4399 दिन पूरे किए। इसके साथ ही, उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने कुल 4398 दिनों तक इस शीर्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। यह मील का पत्थर भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है।
राजनीतिक स्थिरता पर प्रियंका चतुर्वेदी ने दी बधाई
बताते चले कि, इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें बधाई देती हूं, वे निश्चित रूप से बधाई के पात्र हैं क्योंकि उन्होंने एक लंबा रिकॉर्ड तोड़ा है।” प्रियंका चतुर्वेदी ने माना कि देश लंबे समय तक जिस राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा था, उसे दूर करने में जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व में स्थिरता को चुना है। उन्होंने कहा, “जनता ने पीएम मोदी के माध्यम से देश को वह स्थिरता दी है, जिससे भारत काफी समय से वंचित था।”
अधूरे वादों और जनहित के मुद्दों पर तीखा हमला
हालांकि, अपनी शुभकामनाओं के साथ ही प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार की विफलताओं पर कड़ा प्रहार भी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद देश की जनता से किए गए कई वादे अभी भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा, “मैं मानती हूं कि उनके मन में जो-जो रिकॉर्ड थे वे टूट चुके हैं, लेकिन अब समय उन मुद्दों पर ध्यान देने का है जो आम जनता से जुड़े हैं।” उन्होंने युवा पीढ़ी के असंतोष का जिक्र करते हुए कहा कि पेपर लीक, बेरोजगारी, महिलाओं की असुरक्षा और महंगाई ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट को भी सरकार की बड़ी विफलता करार दिया।
‘सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले पीएम’ के साथ साझा की गई यादें
अपनी बातचीत के अंत में, प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी पहली मुलाकात का एक निजी संस्मरण भी साझा किया। उन्होंने बताया, “मुझे याद है जब मैं पहली बार प्रधानमंत्री से मिली थी और मैंने उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाई थी, तो मैंने उनसे कहा था कि मैं आने वाली पीढ़ियों को गर्व से बता सकूंगी कि मैंने देश के ‘लॉन्गेस्ट सर्विंग प्राइम मिनिस्टर’ (सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री) के साथ फोटो खिंचवाई थी।” उन्होंने उम्मीद जताई कि रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ, प्रधानमंत्री देश की जनता के साथ किए गए अपने वादों को पूरा करने की दिशा में भी अपना ध्यान केंद्रित करेंगे और जनता की उम्मीदों के साथ नाइंसाफी नहीं होने देंगे।










