
PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके साथ ही गुजरात में 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने किसानों की आमदनी, कृषि बजट, एमएसपी और ग्रामीण विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।
PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये किसानों तक पहुंचाए गए।पीएम मोदी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि अब देश के करोड़ों छोटे किसानों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। इस योजना के जरिए किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक मदद मिल रही है। सरकार का दावा है कि इससे छोटे किसानों को खेती से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में सहायता मिल रही है।
गुजरात को 14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात को 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन योजनाओं में किसान कल्याण, पशुपालन, कृषि प्रसंस्करण, आधुनिक भंडारण और रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।इनमें बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर, आलू प्रसंस्करण सुविधाएं, आधुनिक वेयरहाउस, बायो-CNG परियोजनाएं और अहमदाबाद-मेहसाणा कॉरिडोर से जुड़ी पहल शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से किसानों को अपनी उपज के बेहतर प्रबंधन और प्रसंस्करण की सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और कृषि से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
बनासकांठा में चारपाइयों पर बैठे लोग
कार्यक्रम के दौरान एक खास नजारा देखने को मिला। वहां मौजूद लोग कुर्सियों के बजाय चारपाइयों पर बैठे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस व्यवस्था का जिक्र किया।उन्होंने कहा कि देश के लोगों के लिए यह हैरानी की बात हो सकती है कि कार्यक्रम में सभी लोग चारपाइयों पर बैठे हैं। बनासकांठा ने गांवों की पुरानी परंपराओं को फिर से जीवित करने का काम किया है।
पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को इस बारे में बताया जाता तो शायद वे इसे विश्व रिकॉर्ड के तौर पर मान्यता दे देते। उनके इस बयान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी।
किसानों के लिए सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों को मजबूत बनाने के लिए कृषि बजट में बड़ा इजाफा किया है। साल 2013 के मुकाबले आज देश का कृषि बजट करीब पांच गुना बढ़ चुका है।उन्होंने कहा कि किसान और पशुपालक विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। सरकार ने महिलाओं, बच्चों, किसानों और पशुपालकों को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं शुरू की हैं।

पीएम मोदी के मुताबिक, किसानों को आर्थिक मदद देने के साथ खेती से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाया जा सके।
किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायद
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने छोटे किसानों की जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि देश में करीब 85 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं, लेकिन लंबे समय तक उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया गया।पीएम मोदी ने कहा कि पिछले वर्षों में सरकार की नीतियों से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का लाभ मिला है या उनकी बचत हुई है। वहीं, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के खातों में पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने एमएसपी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर सिर्फ वादे किए जाते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इसे पूरा किया। पीएम मोदी के मुताबिक, एमएसपी के जरिए किसानों के खातों में 24 लाख करोड़ रुपये पहुंचे हैं।
किसान कल्याण और ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसानों की समृद्धि के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। बनासकांठा में शुरू की गई परियोजनाएं खेती, पशुपालन, भंडारण और परिवहन को मजबूत करने में मदद करेंगी। सरकार का लक्ष्य किसानों को बेहतर सुविधाएं देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाना है।











